मोहला मानपुर। मानसून आते ही वन क्षेत्रों से जमीन पर रेंगने वाले हिंसक वन्य जीवों की आमद ग्रामीण इलाकों की ओर होने लगी है। इसी कड़ी में जिले के मोहला विकासखंड के ग्राम मड़ियानवाडवी में गांव से लगे नाले के पास लगातार एक अजगर दिखने से ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल है। वहीं वन महकमा अब अलर्ट मोड में आ गया है और ग्रामीणों को हिदायत दी गई है कि अजगर दिखे तो उसे पकड़ने का प्रयास बिल्कुल न करें बल्कि तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दें।
दरअसल, मड़ियानवाडवी गांव में बीते दो से तीन दिन के दरमियान एक अजगर अलग-अलग समय पर तीन से चार बार उसे देखा जा चुका है। स्थानीय ग्रामीणों ने अजगर की तस्वीर भी कैमरे में कैद कर ली है, जो सोशल मीडिया मे भी वायरल है। ग्रामीणों से मिल रही जानकारी की माने तो गांव से लगे नाले के आसपास उक्त अजगर को गांव के लोगों ने देखा है।
इलाके में अजगर की आमद से स्थिति इस लिहाज़ से भी चिंताजनक मानी जा रही है कि उक्त नाला मड़ियानवाडवी–भोजटोला मुख्य मार्ग पर स्थित है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों का भी आवागमन होता है। ऐसे में किसी भावी अप्रिय स्थिति की आशंका के मद्देनजर तत्काल आवश्यक रेस्क्यू की आवश्यकता भी महसूस की जा रही है।






