पीएम श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय में थाना प्रभारी ने दी यातायात, नए कानून और साइबर सुरक्षा की जानकारी

जियाउल खान,लखनपुर/सरगुजा। सरगुजा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, लखनपुर में विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नाबालिग छात्र-छात्राओं को सुरक्षित यातायात, नए आपराधिक कानूनों तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना था।

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में थाना प्रभारी संपत पोटाई ने विद्यार्थियों को बिना लाइसेंस एवं बिना हेलमेट वाहन न चलाने, यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमों की अनदेखी कर वाहन से स्कूल आने वाले छात्रों के अभिभावकों की काउंसलिंग भी की जाएगी।

थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम की प्रमुख जानकारियां दीं। साथ ही महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े अपराध, पॉक्सो एक्ट, टोनही प्रताड़ना, नशे के दुष्परिणाम तथा ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध से बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ वित्तीय लेनदेन न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

कार्यक्रम में सहायक उपनिरीक्षक परशुराम पैकरा, प्रशिक्षु सहायक उपनिरीक्षक हर्ष कुमार, आरक्षक कुश सोनी सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Hot Topics

Related Articles