11वीं की छात्रा रहस्यमय ढंग से लापता, 10 दिन बाद परिजनों ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट

जियाउल खान, लखनपुर/सरगुजा। लखनपुर थाना क्षेत्र से कक्षा 11वीं में अध्ययनरत 15 वर्ष 9 माह की छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। छात्रा 18 जुलाई की सुबह स्कूल ड्रेस पहनकर घर से विद्यालय जाने के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटी।

परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क किया तो छात्रा ने स्वयं को ग्राम बंधा स्थित सहेली के घर होने की बात कही, लेकिन कुछ समय बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। अगले दिन परिजन सहेली के घर पहुंचे तो पता चला कि छात्रा वहां आई ही नहीं थी। विद्यालय में भी जानकारी लेने पर शिक्षकों ने बताया कि छात्रा उस दिन स्कूल नहीं पहुंची थी।

परिजनों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन छात्रा का कोई सुराग नहीं मिला। घटना के लगभग 10 दिन बाद परिजनों ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर छात्रा को ले जाने की आशंका जताते हुए लखनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच करते हुए छात्रा की खोजबीन में जुटी हुई है।

Hot Topics

Related Articles