मानसून अनिश्चित, फिर भी 21 हजार किसान फसल बीमा से दूर

बलौदाबाजार(मोहन तिवारी)मानसून के उतार-चढ़ाव, अलनीनो की आशंका और मौसम की अनिश्चितता के बीच खेती का जोखिम लगातार बढ़ रहा है, लेकिन जिले के किसान अब भी प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को लेकर अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।

खरीफ सीजन में धान की खेती बड़े पैमाने पर बारिश पर निर्भर है, इसके बावजूद बड़ी संख्या में किसान अब तक फसल बीमा कराने से दूर हैं। शुक्रवार 31 जुलाई फसल बीमा कराने की अंतिम निर्धारित तिथि है और किसानों के पास केवल आज का ही समय बचा है। हालांकि विभागीय स्तर पर अंतिम तिथि बढ़ने की संभावना भी जताई जा रही है। जिले में खरीफ सीजन के लिए 1 लाख 96 हजार 790 हेक्टेयर में धान की खेती का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

गुरुवार तक 1 लाख 67 हजार 272 हेक्टेयर, यानी करीब 85 प्रतिशत क्षेत्र में बोनी और रोपाई का कार्य पूरा हो चुका है। अधिकांश किसानों की खेती अब मानसून की मेहरबानी पर टिकी हुई है। यदि बीच सीजन में बारिश कम होती है, लंबे समय तक सूखा पड़ता है, अतिवृष्टि होती है या कीट प्रकोप बढ़ता है तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

Hot Topics

Related Articles