बलौदा बाजार (मोहन तिवारी)सर्व ब्राह्मण समाज की पहली स्मारिका एवं वार्षिक पत्रिका ”विप्र-सुरभि” का भव्य विमोचन बुधवार को पंडित वाल्मीकि शुक्ला स्मृति विप्र वाटिका में हुआ। समाज के इतिहास में इसे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। समारोह में समाज के वरिष्ठजनों, महिलाओं, युवाओं और बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंडित रामसुंदर दास रहे। अध्यक्षता समाज के अध्यक्ष श्याम कुमार शुक्ला ने की।
विशिष्ट अतिथियों में प्रभा शुक्ला, रामकुमार शुक्ला, पूर्व अध्यक्ष अशोक तिवारी, अंबुजा विद्यालय के प्राचार्य संजय पांडे, यू.के. मिश्रा, नरेंद्र मिश्रा और एस.पी. पांडेय मौजूद रहे। दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह देकर स्वागत किया गया। महिला विंग की अध्यक्ष ऋचा द्विवेदी के नेतृत्व में महिला प्रकोष्ठ ने भी अतिथियों का सम्मान किया।
अध्यक्ष श्याम कुमार शुक्ला ने कहा कि ”विप्र-सुरभि” केवल पत्रिका नहीं, बल्कि समाज की संस्कृति, परंपरा, उपलब्धियों और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का दस्तावेज है। उन्होंने इसके प्रकाशन में सहयोग देने वाले संपादक मंडल और सभी सहयोगियों की सराहना की। मुख्य अतिथि पंडित रामसुंदर दास ने कहा कि समाज तभी आगे बढ़ता है, जब वह अपनी संस्कृति और इतिहास को संजोकर रखता है। उन्होंने कहा कि ”विप्र-सुरभि” का प्रकाशन समाज की वैचारिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की सराहनीय पहल है और यह दिन समाज के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज रहेगा। इस दौरान उन्होंने श्याम कुमार शुक्ला को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं।
पत्रिका के विमोचन के साथ ही सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम का संचालन कोषाध्यक्ष विष्णुधर दीवान ने किया, जबकि सचिव सुशील तिवारी ने आभार व्यक्त किया। समारोह में समाज के अनेक पदाधिकारी, महिला विंग की सदस्याएं और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।






