बालोद/घोटिया:- ग्राम पंचायत घोटिया के खेल मैदान में खेरी नदी पर बने स्टाप डैम के पहले ही बारिश में टूट जाने का मामला सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी कुसुमकसा मंडल अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार सिन्हा ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बालोद को पत्र लिखकर उक्त कार्य का एफ.टी.ओ. निरस्त करने और जांच की मांग की है। पत्र में आरोप लगाया गया है कि ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य में स्टीमेट के अनुसार कार्य नहीं कराया गया, जिससे शासन को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। ठेकेदार की कार्यप्रणाली से गांव में आक्रोश की स्थिति निर्मित हो रही है। श्री सिन्हा ने मांग की है कि तत्काल इस कार्य का एफ.टी.ओ. निरस्त कर इस ठेकेदार द्वारा डौण्डी विकासखंड में किए गए सभी कार्यों की अन्य एजेंसी से जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि निष्पक्ष जांच और कार्यवाही नहीं हुई तो भविष्य में उग्र आंदोलन किया जाएगा। साथ ही उन्होंने उक्त निर्माण कार्य को ठेकेदार से पुनः कराने और पुराने भुगतान का ए.पी.ओ. डिलीट करने का भी आवेदन प्रस्तुत किया है। पत्र की प्रतिलिपि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारिणी पुष्पेन्द्र चन्द्राकर एवं उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू को भी भेजी गई है।






