- *विविधता में एकता का संदेश देने पुलिस परेड ग्राउंड से शुरू हुई भव्य दौड़।*
- *देशभक्ति और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करने के लिए जुटे स्कूली बच्चे एवं स्थानीय लोग।*
युवराज सिन्हा,गरियाबंद- स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आज 14 अगस्त को जिला प्रशासन एवं गरियाबंद पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य ‘‘सद्भावना एवं एकता दौड़’’ का आयोजन किया गया। यह दौड़ जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड से प्रारंभ हुई, जिसका मुख्य उद्देश्य समाज में आपसी सौहार्द, शांति और राष्ट्रीय अखंडता का संदेश प्रसारित करना था। 
*कलेक्टर, एसपी और स्कूली बच्चों ने बढ़ाया हौसला-* इस दौड़ की सबसे खास बात समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी रही। जिले के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने खुद इस दौड़ में हिस्सा लेकर नागरिकों और पुलिस बल का उत्साहवर्धन किया। उनके साथ ही जिले के विभिन्न स्कूलों से आए छोटे-बड़े बच्चों, युवा वर्ग, गणमान्य नागरिकों और पुलिस विभाग के जवानों ने अत्यंत उत्साह के साथ कदम से कदम मिलाकर दौड़ लगाई। बच्चों की भारी उपस्थिति ने इस आयोजन को और अधिक ऊर्जावान बना दिया।
*विविधता और एकता का अनूठा प्रतीक* – यह सद्भावना एवं एकता दौड़ गरियाबंद जिले की सांस्कृतिक विविधता और सामूहिक एकता का एक जीवंत प्रतीक बनकर उभरी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक गरियाबंद ने अपने संदेश में कहा, यह दौड़ केवल एक शारीरिक गतिविधि नहीं है, बल्कि यह हमारे देश की विविधता में एकता की पहचान को मजबूत करने का एक संकल्प है। जब हमारे बच्चे, युवा और प्रशासनिक अमला एक साथ मिलकर दौड़ते हैं, तो यह समाज में यह संदेश देता है कि हम सब मिलकर देश और जिले की उन्नति के लिए प्रतिबद्ध हैं।
पुलिस अधीक्षक ने इस सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, सभी प्रतिभागी बच्चों, शिक्षकों और गरियाबंद की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल देशभक्ति की भावना जागृत होती है, बल्कि पुलिस और जनता के बीच की दूरी भी कम होती है।












