संदीप यादव मुंगेली। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर मुंगेली जिले में शिक्षकों ने TET की अनिवार्यता के विरोध में बड़ा आंदोलन किया। जिले के तीनों विकासखंडों से पहुंचे सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सर्वेश्वरी आश्रम से कलेक्टोरेट तक विशाल ‘TET मुक्ति महारैली’ निकालकर सरकार के सामने अपनी विभिन्न मांगें रखीं।
दोपहर करीब एक बजे सर्वेश्वरी आश्रम में शिक्षक एकत्र हुए। यहां मोर्चा के बैनर तले जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया गया। इसके बाद शिक्षकों ने विशाल रैली निकाली, जो कलेक्टर कार्यालय पहुंची। यहां मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव और लोक शिक्षण संचालनालय के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।
शिक्षक संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि पूर्व में नियुक्त शिक्षकों की भर्ती और पदोन्नति के नियमों में TET अनिवार्य नहीं था। ऐसे में 28 वर्ष तक शिक्षा सेवा और अनुभव रखने वाले शिक्षकों को दोबारा TET परीक्षा देने के लिए बाध्य किया जाना उचित नहीं है। उन्होंने सरकार से शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने और पदोन्नति में TET की बाध्यता समाप्त करने की मांग की।
मोर्चा के पदाधिकारियों ने बताया कि शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर लंबे समय से संघर्ष किया जा रहा है। उन्होंने शासन से वेतन विसंगति दूर करने, पुरानी पेंशन के लिए पूर्व सेवा की गणना करने तथा शिक्षकों की अन्य लंबित मांगों का निराकरण करने की मांग की।
रैली में मोर्चा के जिला एवं प्रदेश पदाधिकारियों सहित तीनों विकासखंडों के शिक्षक-शिक्षिकाएं बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।














