धमतरी – नेशनल हाईवे-30 पर मरकाटोला घाट के पास बुधवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मुंबई निवासी एक महिला बाइक राइडर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रायपुर से कांकेर की ओर जा रहे बाइक राइडर्स के समूह में शामिल युवती की बाइक को सामने से आ रहे एक ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
20 बाइक राइडर्स निकले थे रायपुर से कांकेर
मिली जानकारी के अनुसार, 12 अगस्त की सुबह करीब 20 बाइक राइडर्स का समूह रायपुर से कांकेर की ओर रवाना हुआ था। सभी बाइकर्स एक साथ यात्रा कर रहे थे। धमतरी पार करने के बाद समूह के करीब 17 राइडर्स आगे निकल गए, जबकि तीन राइडर्स कुछ दूरी पीछे चल रहे थे। इसी दौरान मरकाटोला घाट के समीप सामने से आ रहे ट्रेलर की एक बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि बाइक सवार महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
दो सहेलियों के साथ पीछे चल रही थी रिद्धि
रायपुर निवासी अमिता बैस, जो मृतका की सहेली बताई जा रही हैं, ने बताया कि रिद्धि ठक्कर उनकी सहेली थी और वह भी बाइक राइडर्स के समूह के साथ कांकेर जा रही थी। अमिता के अनुसार, उस समय वह, उनकी सहेली और रिद्धि तीनों अन्य राइडर्स से पीछे चल रहे थे। इसी दौरान मरकाटोला के पास सामने से आए ट्रेलर ने रिद्धि की बाइक को टक्कर मार दी। बताया गया कि मृतका रिद्धि ठक्कर कांदिवली, मुंबई वेस्ट की निवासी थीं। वह अपनी बाइक क्रमांक MH 12 SP 0835 से रायपुर पहुंची थीं और इसके बाद बाइक राइडर्स के समूह के साथ कांकेर के लिए रवाना हुई थीं।
गंभीर हालत में चारामा से धमतरी किया गया रेफर
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और साथ चल रहे साथी बाइक राइडर्स ने तत्काल मदद की। डायल-112 की सहायता से घायल रिद्धि को उपचार के लिए चारामा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें तत्काल धमतरी के श्री राम अस्पताल रेफर किया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक की तलाश
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद संबंधित ट्रेलर और चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल धमतरी भेजा गया है। पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
मुंबई से रायपुर पहुंचेंगे परिजन
बताया जा रहा है कि घटना की सूचना मिलने के बाद मृतका के परिजन मुंबई से रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद शव को रायपुर एयरपोर्ट तक पहुंचाया जाएगा, जहां परिजन उसे रिसीव करेंगे और आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
बाइक राइडर्स में शोक की लहर
इस दर्दनाक हादसे की खबर सामने आने के बाद बाइक राइडर्स के समूह में शोक की लहर दौड़ गई। जिस यात्रा में सभी साथी एक साथ कांकेर जाने के लिए निकले थे, उसमें एक साथी की मौत से पूरा समूह सदमे में है। मरकाटोला घाट का यह हादसा एक बार फिर नेशनल हाईवे पर भारी वाहनों और बाइक सवारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।








