अंबिकापुर के निजी अस्पतालों में मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ का आरोप!

  • कागजों में MBBS डॉक्टर, हकीकत में दूसरे स्टाफ के भरोसे इलाज? ICU और इमरजेंसी सेवाओं पर उठे गंभीर सवाल

जियाउल खान ,अंबिकापुर। शहर के निजी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि मुनाफा बढ़ाने और खर्च कम करने की होड़ में कुछ निजी अस्पतालों में योग्य MBBS डॉक्टरों के स्थान पर कम वेतन वाले आयुष अथवा अन्य स्टाफ से इलाज संबंधी कार्य कराया जा रहा है।

सबसे चिंताजनक स्थिति ICU और क्रिटिकल केयर यूनिट को लेकर बताई जा रही है। यहां गंभीर मरीजों के उपचार के दौरान योग्य चिकित्सकों की वास्तविक उपलब्धता पर सवाल उठाए जा रहे हैं। यदि इन आरोपों में सच्चाई पाई जाती है, तो यह मरीजों की जान के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।


  • कागजों में डॉक्टर, ड्यूटी पर कौन?

सामने आए आरोपों के मुताबिक, कुछ अस्पताल निरीक्षण के दौरान डॉक्टरों की डिग्री और दस्तावेज प्रस्तुत करते हैं, लेकिन वास्तविक ड्यूटी में कौन डॉक्टर मौजूद रहता है, इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है। अस्पतालों के डॉक्टरों की डिग्री, वैध पंजीयन, उपस्थिति रजिस्टर और ड्यूटी रोस्टर का मिलान किया जाना चाहिए।


  • छह महीने की सैलरी स्लिप से खुल सकता है राज

अस्पतालों में वास्तव में योग्य डॉक्टरों की नियुक्ति और नियमित उपस्थिति की पुष्टि के लिए पिछले छह महीने की वेतन पर्चियां, भुगतान रिकॉर्ड और उपस्थिति रजिस्टर की जांच की मांग उठ रही है। इससे कागजों में दर्ज डॉक्टरों और वास्तविक रूप से काम करने वाले चिकित्सकों की स्थिति स्पष्ट हो सकती है।


  • रात में भी हो औचक निरीक्षण

केवल दिन में निरीक्षण करने से पूरी स्थिति सामने नहीं आ सकती। स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन को रात की शिफ्ट, ICU और इमरजेंसी वार्ड में भी बिना पूर्व सूचना के औचक जांच करनी चाहिए, ताकि वास्तविकता का पता चल सके।


  • स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई पर जनता की नजर

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन कब ठोस कदम उठाएंगे? यदि जांच में नियमों का उल्लंघन या बिना वैध योग्यता के उपचार कराने की पुष्टि होती है, तो संबंधित अस्पताल प्रबंधन पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

स्वास्थ्य सेवा कोई व्यापार मात्र नहीं, बल्कि मानव जीवन की सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी है। मरीज और उनके परिजन अस्पतालों में बेहतर और सुरक्षित इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं। ऐसे में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।

Hot Topics

Related Articles