- रायपुर आगमन और शेड्यूल
रायपुर।केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा आखिरकार तय हो गया है। तय कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय गृहमंत्री 3 नवंबर को दोपहर लगभग 3:00 बजे विशेष विमान से रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे। रायपुर पहुंचने के बाद वे सीधे पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के लिए रवाना होंगे और निर्धारित कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद उसी रात दिल्ली के लिए वापस लौट जाएंगे।
निजी अस्पताल का उद्घाटन
रायपुर पहुंचने के बाद अमित शाह सबसे पहले नवा रायपुर जाएंगे। वहां वे एक नवनिर्मित निजी अस्पताल का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और शासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस उद्घाटन कार्यक्रम की सुरक्षा और अन्य सभी तैयारियों का पहले ही जायजा ले लिया है।
राज्योत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि
अस्पताल के उद्घाटन के बाद केंद्रीय गृहमंत्री नवा रायपुर में आयोजित हो रहे तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के मुख्य मंच पर पहुंचेंगे। वे इस भव्य राज्योत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ के इस 26वें स्थापना दिवस कार्यक्रम के समापन के अवसर पर वे राज्य की जनता को संबोधित भी करेंगे।
राज्य अलंकरण पुरस्कारों का वितरण
समापन समारोह के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ की उन 36 विभूतियों को सम्मानित करेंगे जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट और अनुकरणीय कार्य किया है। इन हस्तियों को गृहमंत्री के हाथों राज्य अलंकरण पुरस्कारों से नवाजा जाएगा। आपको बता दें कि इस तीन दिवसीय राज्योत्सव की शुरुआत 1 नवंबर से हुई है, जिसके उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया शामिल हुए थे।







