अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट का निरीक्षण, कमियां दूर करने नोटिस जारी

अपशिष्ट पदार्थों के रखरखाव में मिली खामियां, संयुक्त जांच दल ने सुरक्षा मानकों के पालन के दिए निर्देश

बलौदाबाजार,  कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर शुक्रवार को संयुक्त जांच दल ने कुकुरडीह स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड कारखाने का निरीक्षण किया। इस दौरान कारखाने में संग्रहित अपशिष्ट पदार्थों के रखरखाव से संबंधित कमियां सामने आने पर प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही अपशिष्ट पदार्थों के बेहतर प्रबंधन और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अपशिष्ट पदार्थों के रखरखाव की जांच

निरीक्षण के दौरान संयुक्त दल ने कारखाने में स्थापित शेड का जायजा लिया और वहां संग्रहित अपशिष्ट पदार्थों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। टीम ने अपशिष्ट पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की समीक्षा की। जांच में पाई गई कमियों को दूर करने के लिए कारखाना प्रबंधन को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया।

कमियां दूर नहीं करने पर होगी कार्रवाई

कलेक्टर के निर्देशानुसार जांच दल ने कारखाना प्रबंधन को निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने और आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नोटिस में उल्लेखित कमियों को दूर नहीं किए जाने पर कारखाने के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

संयुक्त जांच दल में उप संचालक औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, श्रम अधिकारी, जिला परिवहन अधिकारी तथा खनिज विभाग के अधिकारी शामिल थे। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने कारखाने में अपशिष्ट पदार्थों के रखरखाव और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।

Hot Topics

Related Articles