दीपक अवस्थी,डोंगरगांव। अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ डोंगरगांव पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 11.340 लीटर देशी प्लेन शराब, जिसकी कीमत करीब 5,040 रुपए है, बरामद की। शराब परिवहन में इस्तेमाल एक्टिवा और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पहली कार्रवाई ग्राम कुमरदा बाजार चौक के पास की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लाल रंग की एक्टिवा क्रमांक सीजी 08 एजे 2749 की डिक्की में शराब रखकर बिक्री की जा रही है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर डिक्की की तलाशी ली तो शोले ब्रांड के 25 पौवा और रोमियो ब्रांड के 6 पौवा, कुल 5.580 लीटर देशी प्लेन शराब मिली। इसकी कीमत 2,480 रुपए बताई गई है। साथ ही बिक्री की नगद रकम 600 रुपए भी बरामद हुई। पुलिस ने एक्टिवा समेत आरोपी डिकेश्वर साहू (34), निवासी कुमरदा को गिरफ्तार किया।
इसी तरह दूसरी कार्रवाई सेवतापारा डोंगरगांव में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 08 एस 3450 से शराब लेकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। घेराबंदी कर पुलिस ने दीपक कुमार यादव (32) और नीलम सोनकर (28), दोनों निवासी सेवतापारा वार्ड क्रमांक 8 डोंगरगांव, को पकड़ा। तलाशी में दीपक यादव के कब्जे से 32 पौवा देशी प्लेन शराब, कुल 5.760 लीटर, कीमत 2,560 रुपए, बरामद हुई। शराब परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास शराब रखने और बेचने का कोई वैध दस्तावेज अथवा अनुज्ञप्ति नहीं थी। दोनों मामलों में थाना डोंगरगांव में अपराध क्रमांक 249/2026 और 250/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
कार्रवाई में निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक रमाकांत कुरें, प्रधान आरक्षक बृजमोहन यादव, ललिता तुलावी तथा आरक्षक बीसराम वर्मा और रामचरण साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








