सूने मकान में छिपे भालू ने डिप्टी रेंजर पर बोला हमला, ग्रामीणों के शोर मचाने से बची जान, देखें वीडियो

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले अंतर्गत दल्ली राजहरा वन परिक्षेत्र के ग्राम सिंघोला में वन्यजीव रेस्क्यू के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गांव के एक सूने मकान में छिपे जंगली भालू को बाहर निकालने पहुंची वन विभाग की टीम पर भालू ने अचानक हमला कर दिया, जिसमें पटेली सर्किल के डिप्टी रेंजर नीलकंठ साहू बाल-बाल बच गए। इस पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग की रेस्क्यू व्यवस्था और मैदानी अमले की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

सूने मकान में दो-तीन दिनों से डेरा जमाए बैठा था भालू

ग्राम सिंघोला निवासी धरमुराम कुलदीप का मकान लंबे समय से खाली पड़ा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, एक जंगली भालू पिछले दो-तीन दिनों से इसी सूने मकान के भीतर डेरा जमाए बैठा था। मकान में भालू की मौजूदगी की खबर फैलते ही पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी, जिसके बाद पटेली और मंगलतराई सर्किल का वन अमला भालू को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने के लिए मौके पर पहुंचा।

रेस्क्यू के दौरान अचानक भालू ने बोला हमला

वन विभाग की टीम जब मकान के पास पहुंचकर भालू को बाहर निकालने का प्रयास कर रही थी, तभी भीतर घिरा हुआ भालू अचानक अत्यधिक आक्रामक हो गया। भालू तेजी से कमरे से बाहर निकला और सीधे सामने खड़े पटेली सर्किल के डिप्टी रेंजर नीलकंठ साहू की ओर झपटा। डिप्टी रेंजर के हाथ में केवल एक डंडा था, लेकिन भालू की रफ्तार इतनी तेज थी कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत शोर मचाना शुरू किया और तत्परता दिखाई, जिससे भालू घबराकर जंगल की दिशा में भाग निकला और डिप्टी रेंजर की जान बच सकी।

बिना सुरक्षा उपकरणों के रेस्क्यू पर उठे गंभीर सवाल

इस घटना ने वन विभाग की कार्यप्रणाली और संसाधनों की कमी को उजागर कर दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इतने खतरनाक वन्यजीव का रेस्क्यू करने पहुंची टीम के पास न तो सुरक्षा जैकेट थी, न रेस्क्यू नेट या पिंजरा था और न ही कोई ट्रैंकुलाइज़र विशेषज्ञ साथ था। वनकर्मी केवल सामान्य लाठी-डंडों के सहारे अपनी जान जोखिम में डालकर अभियान चला रहे थे। इसके अलावा मौके पर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षित घेराबंदी का भी अभाव देखा गया, जिससे जानवर और अधिक भड़क गया। इस घटना के बाद अब मैदानी स्तर पर तैनात वनकर्मियों को आधुनिक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने और मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग जोर पकड़ने लगी है।

Hot Topics

Related Articles