बलौदाबाजार। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), सकरी, बलौदाबाजार में विद्यार्थियों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को प्रेरणात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वयं का व्यवसाय शुरू करने, लघु उद्यम स्थापित करने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर शिवकुमार कंवर ने विद्यार्थियों को स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने कौशल, मेहनत और उचित योजना के माध्यम से स्वयं का व्यवसाय शुरू कर सफल उद्यमी बन सकते हैं। उन्होंने बैंक के माध्यम से उद्यम स्थापित करने के लिए ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा विभिन्न बैंकिंग ऋण योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), बलौदाबाजार में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी रुचि एवं योग्यता के अनुसार आरसेटी के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। प्रशिक्षण के बाद स्वरोजगार अपनाकर न केवल स्वयं आत्मनिर्भर बन सकते हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित कर सकते हैं।
कार्यक्रम में आईटीआई के प्राचार्य, एमएसएमई के सहायक निदेशक, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र (डीआईसी) के अधिकारी तथा संस्थान के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वरोजगार के प्रति प्रोत्साहित कर उन्हें भविष्य में सफल उद्यमी बनने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करना था।






