कमलकांत पाटनवार
बिलासपुर/गौरेला :- थाना पेंड्रा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए यात्री बस से करीब 245 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। मामले में बस चालक एवं उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) (II) और 29 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के संबंध में सूचना प्राप्त हुई थी। इसके आधार पर कार्रवाई करते हुए यात्री बस की जांच की गई। तलाशी के दौरान गांजा बरामद हुआ। इसे 49 पैकेटों में करीब पांच-पांच किलोग्राम के हिसाब से रखा गया था। पुलिस ने गांजे को विधिवत जब्त कर लिया है।
बस मालिक और चालक भी तस्करी में शामिल
गिरफ्तार आरोपितों में दिलीप कुमार हिंडिया पिता स्व. कुमार हिंडिया, निवासी नायपुरा, तहसील माथिली, जिला मलकानगिरी, ओडिशा शामिल है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वह उक्त बस का मालिक एवं चालक है और गांजे के अवैध परिवहन में स्वयं शामिल था।
दूसरा आरोपित भीमसेन केंवट पिता रामफल केंवट (30), निवासी धनौरा, मौहरपारा, थाना मरवाही है। पुलिस जांच के अनुसार भीमसेन केंवट कटघोरा से बस में सवार हुआ था। वह वाहन चालक को आगे का रास्ता बताते हुए उसके साथ जा रहा था।
पूछताछ में सामने आया तस्करी का नेटवर्क
प्रारंभिक पूछताछ में दिलीप कुमार हिंडिया ने बताया कि वह मलकानगिरी (ओडिशा) से गांजा लेकर कोरबा एवं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही क्षेत्र में सप्लाई करने आया था। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और पतासाजी कर रही है। पुलिस द्वारा नेटवर्क के फारवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच की जा रही है, ताकि गांजे की सप्लाई और वितरण से जुड़े अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके।
मलकानगिरी से पेंड्रा तक तय था तस्करी का रूट
पुलिस के अनुसार आरोपितों ने गांजा परिवहन के लिए मलकानगिरी → बोरई → धमतरी → रायपुर → बिलासपुर → पाली → कटघोरा → पसान → पेंड्रा का रूट तय किया था। इसी मार्ग से गांजे को गंतव्य तक पहुंचाने की तैयारी थी।








