- धरसींवा में राजनीतिक संरक्षण में अवैध उत्खननः बिना लीज-एनओसी हजारों ट्रिप मुरुम गायब,
- विधायक अनुज शर्मा ने दिए जांच के आदेश
- सीएसआर मद से विकसित जल संरक्षण स्थल पर माफिया का कब्जाः ग्राम सभा की आड़ में बड़ा खनिज फर्जीवाड़ा, अफसरों की भूमिका पर उठे सवाल
विद्याभूषण वर्मा धरसींवा। कानून की धज्जियां उड़ाती भारी मशीनें, रात के अंधेरे में गूंजते डंपर और सरकारी खजाने को चूना लगाता खनन माफिया—यह भयानक मंजर किसी बीहड़ का नहीं, बल्कि जनपद पंचायत धरसींवा की ग्राम पंचायत मनोहरा-मेहरशखा का है। जल संवर्धन अभियान के तहत जिस जमीन को सुरक्षित कर निजी उद्योग के सीएसआर मद से पानी सहेजने के लिए संवारा गया था, उसे भू-माफियाओं ने रातों-रात खोदकर मुरुम और पत्थरों का अखाड़ा बना दिया।
ताज्जुब की बात यह है कि इस सराहनीय पहल को आकार देने वाले जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष केसरवानी खुद इस खुलेआम जारी अवैध उत्खनन से पूरी तरह बेखबर रहे। बेखौफ माफिया के इस दुस्साहस और जिम्मेदार अफसरों की नींद ने न केवल केंद्र सरकार की जल संरक्षण योजना को पलीता लगाया है, बल्कि पूरे प्रशासनिक तंत्र की लचर कार्यशैली और लाचारी की भी पोल खोलकर रख दी है।
- बेख़ौफ़ खनन माफिया ने खोखली की हाई टेंशन टावरों की नींव मंडराया खतरा
बिना किसी वैध लीज, एनओसी या रॉयल्टी पर्ची के हजारों ट्रिप मुरुम और पत्थर जमीन का सीना चीरकर निकाले जा चुके हैं। दिन-रात गरजती पोकलेन मशीनें गवाही दे रही हैं कि क्षेत्र में प्रशासन का खौफ खत्म हो चुका है। खनन करने वाले बेखौफ होकर दावा कर रहे हैं कि उनकी ‘ऊपर तक सेटिंग’ है। अवैध उत्खनन का यह कारोबार सिर्फ पर्यावरण को ही नुकसान नहीं पहुँचा रहा, बल्कि पास स्थित विद्युत मंडल के हाईटेंशन टावरों की नींव भी खोखली कर चुका है। टावरों के नीचे हुई गहरी खुदाई से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्राम पंचायत मनोहरा-मेहरशखा के सरपंच प्रतिनिधि गोविंद पूर्णिमा साहू का कहना है कि यह खुदाई पंचायत स्तर पर अपनी मर्जी से नहीं दी गई है, बल्कि ग्राम सभा की सहमति से दी गई है ताकि खनन करने वाले ट्रांसपोर्टरों से प्राप्त सहयोग से ग्राम विकास का कार्य कराया जा सके। वहीं दूसरी ओर, इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला खनिज न्यास के सदस्य श्री विद्या भूषण वर्मा ने क्षेत्रीय विधायक और जिला कलेक्टर से लिखित शिकायत कर पूरे मामले की विस्तृत जानकारी दी है और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
धरसींवा में अवैध उत्खनन पर तत्काल जांच के आदेश; बोले- दोषी अफसरों पर गिरेगी गाज–अनुज शर्मा
क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर किए जा रहे अवैध उत्खनन का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय विधायक अनुज शर्मा ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए तत्काल प्रभाव से निष्पक्ष जांच के कड़े आदेश जारी कर दिए हैं। विधायक ने साफ शब्दों में कहा है कि नियमों के विरुद्ध की जा रही खुदाई पूरी तरह से गैरकानूनी है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कड़े लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस अवैध उत्खनन के खेल में खनिज विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत पाई गई, तो संबंधित अफसरों पर गाज गिरना तय है और दोषी पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
विधायक के इस सख्त रुख और लिखित शिकायत के बाद अब क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। अनुज शर्मा की ओर से मिले कड़े निर्देशों के बाद अब सभी की निगाहें खनिज विभाग की कार्रवाई पर टिक गई हैं। देखना यह होगा कि लगातार हो रही अवैध खुदाई पर पर्दा डालने में जुटा खनिज विभाग अब अपनी नींद से जागकर अवैध उत्खनन करने वालों और उनके सहयोगियों पर शिकंजा कसता है, या फिर जिम्मेदार अफसर मामले में पहले की तरह ही मौन साधे रहते हैं।








