शराब के लिए पैसे नहीं देने पर ई-रिक्शा चालक पर पेचकस से जानलेवा हमला, आरोपी बदमाश गिरफ्तार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले अंतर्गत सरकंडा थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक निगरानी बदमाश द्वारा ई-रिक्शा चालक पर पेचकस से हमला करने का मामला सामने आया है। इस हमले में चालक की पीठ पर गहरा घाव हो गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरकंडा थाना क्षेत्र के चिंगराजपारा स्थित अटल आवास निवासी 23 वर्षीय बिसाहू साहू किराए पर ई-ऑटो रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे जब वह चिंगराजपारा इलाके में था, तभी क्षेत्र के ही निगरानी बदमाश दुर्गेश सूर्यवंशी ने उसे रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगा।

जब बिसाहू साहू ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी दुर्गेश भड़क गया। उसने चालक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ मारपीट की। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपने पास रखे पेचकस से बिसाहू की पीठ पर जोरदार वार कर दिया, जिससे उसकी पीठ पर गहरा घाव हो गया और तेजी से खून बहने लगा।

घटना के बाद घायल चालक ने सरकंडा थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अपराध पंजीबद्ध किया और आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सरकंडा थाने के सूचीबद्ध गुंडा बदमाश दुर्गेश सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया, जिसके खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Hot Topics

Related Articles