बलौदाबाजार/ पलारी ब्लॉक के संडी गांव में संचालित शासकीय शराब दुकान में ओवररेटिंग की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विधायक संदीप साहू मंगलवार शाम मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने विधायक से निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूलने, दुकान के आसपास विवाद और बाहरी लोगों द्वारा मारपीट किए जाने की शिकायत की। इस पर विधायक ने आबकारी निरीक्षक से फोन पर गोवा और बीयर की निर्धारित कीमत की जानकारी ली तथा दुकान कर्मचारियों को तय दर पर ही शराब बेचने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने बताई दुकान के आसपास की समस्या

ग्रामीणों के अनुसार, संडी में करीब 20 साल बाद खुली शासकीय शराब दुकान शुरू से ही विवादों में रही है। लोगों ने आरोप लगाया कि दुकान में निर्धारित दर से अधिक कीमत पर शराब बेची जाती है। शाम के समय दुकान के आसपास विवाद की स्थिति बन जाती है। ओवररेटिंग का विरोध करने पर बहस और मारपीट की नौबत आने की शिकायत भी ग्रामीणों ने की।
शिकायत मिलने के बाद विधायक संदीप साहू क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और व्यापारी संघ के पदाधिकारियों के साथ शराब दुकान पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मौके पर जांच में नहीं मिली ओवररेटिंग

विधायक ने दुकान में शराब बिक्री की स्थिति की जांच की। मौके पर जांच के दौरान निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने का मामला सामने नहीं आया। हालांकि, ग्रामीणों ने पहले भी ओवररेटिंग की शिकायतें होने की बात कही। अगस्त में भी इस दुकान को लेकर निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूलने की शिकायत पर आबकारी विभाग ने जांच की थी।
आबकारी निरीक्षक से फोन पर पूछी कीमत
विधायक ने मौके से ही आबकारी निरीक्षक को फोन कर गोवा और बीयर के निर्धारित रेट की जानकारी ली। उन्होंने दुकान कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्राहकों से निर्धारित कीमत से अधिक राशि नहीं ली जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि दोबारा ओवररेटिंग की शिकायत मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीसीटीवी कैमरे चालू रखने के निर्देश
दुकान में पारदर्शिता बनाए रखने और गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए विधायक ने सीसीटीवी कैमरे लगातार चालू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकान परिसर में व्यवस्था बनाए रखने और ग्राहकों को निर्धारित दर पर शराब उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
पहले नकली शराब की शिकायत भी आई थी
संडी की शासकीय शराब दुकान में इससे पहले नकली और मिलावटी शराब की बिक्री की शिकायतें भी सामने आई थीं। इस मामले में दुकान से जुड़े कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। अब ओवररेटिंग और दुकान के आसपास विवाद की शिकायतों के चलते यह दुकान फिर चर्चा में है।
मौके पर मौजूद क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों ने भी शिकायतों पर उचित कार्रवाई करने तथा दुकान में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की।








