बिलासपुर(कमलकांत पाटनवार):- स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले शहर की सड़कों पर जब कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह हाथों में तिरंगा थामकर उतरे, तो फिजा में राष्ट्रप्रेम का अलग ही रंग घुल गया। पुलिस ग्राउंड से शुरू होकर अग्रसेन चौक तक निकली तिरंगा यात्रा में कदमों की ताल और गूंजते नारों ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।ऐतिहासिक और जोश से भरे आयोजन में लगभग 700 प्रतिभागियों ने पूरी ऊर्जा के साथ हिस्सा लिया। कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल की मौजूदगी ने साफ कर दिया कि यह महज़ कोई सरकारी औपचारिकता नहीं, बल्कि एक जन-आंदोलन है। रैली के दौरान पूरे रास्ते भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से आसमान गूंजता रहा। जिला पुलिस बल के जवानों के साथ एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों और स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों ने अनुशासन की ऐसी मिसाल पेश की कि हर देखने वाले का सीना गर्व से चौड़ा हो गया।’शहर के मुख्य मार्गों से गुजरी तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य नागरिकों के भीतर राष्ट्रवंदना की अलख जगाना था। जगह-जगह खड़े आम नागरिकों ने पुष्प वर्षा और तालियों के साथ यात्रा का स्वागत किया। एनसीसी के कैप्टन आशीष शर्मा, एएसपी यातायात रामगोपाल करियारे और एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह के बेहतर समन्वय से यह आयोजन पूरी तरह सफल रहा। यात्रा के जरिए हर घर पर सम्मान के साथ तिरंगा फहराने का संदेश दिया।
विद्यार्थियों और युवाओं में दिखा उत्साह
पुलिस ग्राउंड से अग्रसेन चौक तक निकली तिरंगा यात्रा के दौरान युवाओं का जोश सातवें आसमान पर था। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे छात्र-छात्राओं ने जिस अनुशासन और ऊर्जा के साथ मार्च किया, उसने शहरवासियों का दिल जीत लिया। पुलिस के जवानों और स्कूली बच्चों का यह अनूठा संगम गवाह बना कि आज भी देश की युवा पीढ़ी अपने राष्ट्रीय प्रतीकों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के प्रति कितनी गहरी निष्ठा रखती है।
वर्जन
स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले निकली यह तिरंगा रैली इस बात का प्रमाण है कि हमारे शहर के युवाओं और नागरिकों के दिलों में राष्ट्रप्रेम कितनी गहराई तक बसा है। करीब सात सौ लोगों की यह भागीदारी केवल संख्या नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता है। हमारा प्रयास है कि यह अभियान एक जन आंदोलन बने ताकि आने वाली हर पीढ़ी अपने तिरंगे के मान-सम्मान को सर्वोपरि रखे।
संजय अग्रवाल, कलेक्टर बिलासपुर








