कांकेर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: घेराबंदी देख ₹1.5 करोड़ का गांजा छोड़ भागे तस्कर

  • गढ़िया पहाड़ के पास लावारिस मिले 70 पैकेट

कांकेर।छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिंगारभाट में प्रसिद्ध गढ़िया पहाड़ के पास पुलिस ने लावारिस हालत में पड़ा हुआ भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से करीब 280 किलोग्राम (2 क्विंटल 80 किलो) गांजा जब्त किया है, जिसे तस्कर 70 अलग-अलग पैकेटों में बंद करके सुनसान जगह पर फेंक गए थे। बरामद किए गए इस गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

 

पुलिस नाकाबंदी की भनक लगते ही भागे आरोपी

 

शुरुआती जांच और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, इस बड़ी खेप को ओडिशा से लाकर छत्तीसगढ़ के रास्ते अन्य राज्यों में खपाने की तैयारी थी। तस्कर ओडिशा से विश्रामपुरी और केशकाल के रास्ते कांकेर पहुंचे थे। इस बात की भनक केशकाल पुलिस को पहले ही लग चुकी थी, जिसके बाद उनकी एक टीम तस्करों की गाड़ियों का लगातार पीछा कर रही थी। केशकाल पुलिस से इनपुट मिलते ही कांकेर पुलिस ने पूरे शहर और सिंगारभाट इलाके में मजबूत नाकाबंदी कर दी। चारों तरफ से घिर जाने और पुलिस की मुस्तैदी का पता चलते ही तस्करों के हौसले पस्त हो गए। वे पकड़े जाने के डर से रात के अंधेरे का फायदा उठाकर सारा माल वहीं पहाड़ी के किनारे फेंककर मौके से फरार हो गए।

 

तस्करों की गाड़ियां चिह्नित, तलाश में जुटी पुलिस टीम

 

मुखबिर से सटीक सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गांजे के सभी पैकेटों को अपने कब्जे में ले लिया। कांकेर एसडीओपी हरीश पाटिल के अनुसार, पुलिस की विभिन्न टीमें फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं। इस मामले में पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिसके तहत तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो संदिग्ध गाड़ियों की पहचान कर ली गई है। इसके साथ ही एक कार के ड्राइवर को भी चिह्नित कर लिया गया है। पुलिस का दावा है कि गाड़ियों के नंबर और ड्राइवर की पहचान के आधार पर बहुत जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और इस पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।

Hot Topics

Related Articles