किताबों की जगह सड़क पर उतरीं छात्राएं, शिक्षकों की कमी पर फूटा आक्रोश

संदीप यादव मुंगेली शिक्षा व्यवस्था की लचर हालत से नाराज छात्राएं आखिरकार किताबें छोड़कर सड़क पर उतर आईं। मामला जिले के एक सरकारी हाई स्कूल का है, जहां लंबे समय से शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं। पढ़ाई ठप होने से गुस्साई छात्राओं ने आज सुबह स्कूल के सामने मुख्य सड़क पर चक्काजाम कर दिया।

कई महीनों से खाली हैं पद

छात्राओं का आरोप है कि स्कूल में गणित, विज्ञान और अंग्रेजी जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक ही नहीं हैं। कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं को महीनों से ठीक से पढ़ाई नहीं मिल रही है। बोर्ड परीक्षा नजदीक है, लेकिन कोर्स अधूरा है।

12वीं की एक छात्रा ने बताया – _”हम रोज स्कूल आते हैं, लेकिन 2-3 पीरियड के बाद हमें खाली बैठना पड़ता है। कई बार शिकायत की, कोई सुनवाई नहीं हुई तो आज सड़क पर आना पड़ा।”_

अभिभावकों ने भी दिया समर्थन

छात्राओं के प्रदर्शन की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। लगभग 2 घंटे तक सड़क जाम रही।

सूचना पर BEO और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और छात्राओं को समझाइश देकर जाम खुलवाया। अधिकारियों ने 2 दिन के भीतर अस्थायी रूप से शिक्षकों की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया है।

आश्वासन के बाद छात्राएं वापस स्कूल लौटीं, लेकिन उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करेंगी।

Hot Topics

Related Articles