बिलासपुर:- रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के सामान की चोरी करने वालों के खिलाफ जीआरपी व आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से महिला यात्री के चोरी हुए पर्स सहित सोने का मंगलसूत्र, चांदी का कड़ा, चांदी की अंगूठी, चांदी का सिक्का, मोबाइल, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और 2200 रुपए नकद बरामद किए गए हैं। बरामद सामान की कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई गई है।बिलासपुर दयालबंद निवासी अंजना विश्वकर्मा 31 अगस्त को परिवार के साथ 18235 भोपाल-बिलासपुर एक्सप्रेस में कटनी से बिलासपुर लौट रही थीं। यात्रा के दौरान बेलगहना से पहले वह सो गईं। नींद से जागने पर उनका लेडिस पर्स गायब मिला। पर्स में सोने का मंगलसूत्र, चांदी के आभूषण, चांदी का सिक्का, 2200 रुपए नकद, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और मोबाइल था। महिला ने घटना की शिकायत जीआरपी बिलासपुर में दर्ज कराई।
शिकायत के बाद जीआरपी बिलासपुर और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने मामले की जांच शुरू की। चोरी के सामान और आरोपित की तलाश के दौरान बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 के हावड़ा छोर पर पुलिस को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया।
पुलिस को देखकर वह छिपने का प्रयास करने लगा। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपित ने ट्रेन में चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर महिला का चोरी हुआ पर्स और उसमें रखे सभी सामान बरामद कर लिए गए।
उमरिया का रहने वाला है आरोपित
जीआरपी ने आरोपित की पहचान शिवा नामदेव उर्फ अनु उर्फ अनुराग निवासी वार्ड नंबर-11, झिरिया मोहल्ला, पुराना बस स्टैंड के पास, थाना कोतवाली उमरिया, जिला उमरिया (मध्यप्रदेश) के रूप में की है। आरोपित को गिरफ्तार कर चोरी का पूरा सामान जब्त किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जीआरपी ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए ट्रेन और स्टेशन पर चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।








