नई दिल्ली/रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री रविवार 17 मई की शाम छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा और प्रोटोकॉल की तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गृहमंत्री शाम करीब 7 बजे गुजरात से रवाना होंगे और रात लगभग 8:15 बजे रायपुर पहुंचेंगे। यहां वे Mayfair Lake Resort में रात्रि विश्राम करेंगे। गृहमंत्री के आगमन को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एयरपोर्ट से होटल तक पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में शनिवार दोपहर एयरपोर्ट से होटल मेफेयर तक सुरक्षा रिहर्सल भी किया गया। जानकारी के मुताबिक इस बार गृहमंत्री अमित शाह के निर्देश पर उनके काफिले को छोटा रखा गया है। पहले जहां उनके दौरे के दौरान करीब 14 गाड़ियां काफिले में शामिल रहती थीं, वहीं इस बार केवल 4 वाहन ही साथ चलेंगे। सुरक्षा रिहर्सल के दौरान भी चार गाड़ियों का ही उपयोग किया गया। बताया जा रहा है कि एक वाहन में अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा मौजूद रहेंगे। अमित शाह को देश की सर्वोच्च सुरक्षा श्रेणी जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त है। इसे देखते हुए रायपुर एयरपोर्ट, होटल और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार पूरे रूट की निगरानी कर रही हैं। गृहमंत्री अगले दिन सोमवार 19 मई को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा के साथ जगदलपुर रवाना होंगे। बस्तर दौरे के दौरान राज्य के मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और डीजीपी अरुणदेव गौतम भी मौजूद रहेंगे। बताया जा रहा है कि गृहमंत्री का यह दौरा बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा, विकास और प्रशासनिक गतिविधियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अपने कार्यक्रमों के बाद अमित शाह 19 मई को ही जगदलपुर से नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।





