गंगरेल बांध के सभी 14 गेट खुले, महानदी में छोड़ा गया पानी; अमेठी के 25 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया

12 गांव अलर्ट पर, नदी किनारे बसे गांवों में बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन सतर्क

बलौदाबाजार। प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते गंगरेल बांध का जलस्तर बढ़ने के बाद सभी 14 गेट खोल दिए गए हैं। बांध से महानदी में पानी छोड़े जाने के कारण नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। इसे देखते हुए बलौदाबाजार जिले में नदी किनारे बसे गांवों को अलर्ट पर रखा गया है। वहीं, अमेठी गांव में बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने पांच परिवारों के 25 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर एसडीएम दीपक निकुंज ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अमेठी गांव के प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराया। सुरक्षित किए गए लोगों में कमलदेव निषाद, अग्नु निषाद, काशी राम निषाद, धिराजू निषाद और तुलसी फेकर के परिवार शामिल हैं।

महानदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका

एसडीएम दीपक निकुंज ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर लोगों को पहले ही सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। गंगरेल बांध से पानी छोड़े जाने के कारण महानदी और आसपास के नदी-नालों का जलस्तर बढ़ सकता है। ऐसे में नदी किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

उन्होंने लोगों से नदी-नालों से दूर रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने और बाढ़ से संबंधित किसी भी तरह की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है।

12 गांवों में अलर्ट, राहत-बचाव दल तैनात

बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने मलपुरी, मोहान, रीवडीह, बम्हनी, चरोदा, अमेठी, मुडियाडीह, धमनी, बल्दा कछार, रिवासरार, पिपरछेड़ी और दोनाझार सहित 12 गांवों को अलर्ट पर रखा है। इन क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। राहत एवं बचाव दलों को भी तैनात किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

प्रशासन ने की सतर्क रहने की अपील

जिला प्रशासन महानदी और आसपास के क्षेत्रों में जलस्तर की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों को नदी किनारे जाने से बचने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। अधिकारियों ने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य किए जा सकें।

Hot Topics

Related Articles