बलौदाबाजार। जिले में चालकों के स्टीयरिंग छोड़ो आंदोलन का असर अब परिवहन व्यवस्था पर साफ दिखाई देने लगा है। मालवाहक वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से सड़कों के किनारे ट्रकों की लंबी कतारें लग गई हैं। राष्ट्रीय ड्राइवर आयोग और विशेष ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड के गठन सहित विभिन्न मांगों को लेकर चालकों का अनिश्चितकालीन आंदोलन शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रहा।
अखिल भारतीय ड्राइवर जॉइंट कमेटी के देशव्यापी आह्वान पर छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंघ के नेतृत्व में चालक सकरी बायपास पर एकत्र होकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। आंदोलनकारी चालकों का कहना है कि देश की परिवहन व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के बावजूद उनके सामाजिक और आर्थिक हितों की अनदेखी की जा रही है।
चालकों ने बताया कि लंबे समय तक वाहन चलाने, काम के दौरान सुरक्षा की कमी और दुर्घटना होने पर परिवार के सामने आने वाली आर्थिक परेशानियों के बावजूद उनके लिए पर्याप्त सामाजिक सुरक्षा की व्यवस्था नहीं है। इसी के चलते राष्ट्रीय ड्राइवर आयोग और विशेष ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड के गठन के साथ कल्याणकारी योजनाएं लागू करने तथा बेहतर कार्य परिस्थितियां उपलब्ध कराने की मांग की जा रही है।
आवश्यक वस्तुओं की ढुलाई आंदोलन से बाहर
आंदोलन के बीच महासंघ ने आम लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए फल, सब्जी और अन्य आवश्यक वस्तुओं की ढुलाई को आंदोलन से बाहर रखा है। इससे जरूरी सामान की आपूर्ति प्रभावित नहीं होने की उम्मीद है। हालांकि अन्य मालवाहक वाहनों की आवाजाही बाधित होने से व्यापारिक और औद्योगिक गतिविधियों पर असर पड़ने लगा है।
मांगें पूरी नहीं होने पर चक्काजाम की चेतावनी
महासंघ के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार और प्रशासन की ओर से उनकी मांगों पर जल्द कोई ठोस एवं न्यायोचित निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर पूरे क्षेत्र में चक्काजाम भी किया जा सकता है।
फिलहाल सकरी बायपास के आसपास मुख्य मार्गों के किनारे बड़ी संख्या में मालवाहक ट्रक खड़े हैं। चालकों के आंदोलन में शामिल होने से माल और खनिजों की ढुलाई प्रभावित हो रही है। औद्योगिक इकाइयों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों तक सामान पहुंचाने का काम भी धीमा पड़ गया है। आंदोलन लंबा खिंचने की स्थिति में परिवहन कारोबार के साथ जिले की व्यापारिक गतिविधियों और आपूर्ति व्यवस्था पर भी इसका व्यापक असर पड़ सकता है।












