9 विधाओं में प्रतिभा दिखाने का मिलेगा मौका, 15 से 29 वर्ष के युवा ले सकेंगे हिस्सा
बलौदाबाजार, 13 नवम्बर 2026। युवाओं की कला, संस्कृति एवं रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन इस वर्ष भी जिला एवं राज्य स्तर पर किया जा रहा है। संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण रायपुर के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय बलौदाबाजार में जिला स्तरीय युवा उत्सव प्रतियोगिता का आयोजन 18 नवम्बर 2026 को प्रस्तावित है। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक युवाओं के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 17 नवम्बर निर्धारित की गई है।
युवा उत्सव के माध्यम से युवाओं को कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में अधिकाधिक अवसर प्रदान करने के साथ उनकी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित एवं निखारने का प्रयास किया जाएगा। इस वर्ष प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के लिए 15 से 29 वर्ष तथा लोकगीत एवं लोकनृत्य के संगतकारों के लिए 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग निर्धारित किया गया है। प्रतियोगिता जिला स्तर से प्रारंभ होकर राज्य स्तर तक आयोजित होगी।
इस वर्ष युवा उत्सव में कुल 9 विधाओं को शामिल किया गया है। इनमें विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज, पारंपरिक वेशभूषा एवं रॉकबैंड शामिल हैं। इन विधाओं के माध्यम से युवा अपनी रचनात्मकता, सांस्कृतिक विरासत एवं कलात्मक कौशल का प्रदर्शन कर सकेंगे।
ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीयन
प्रतियोगिता में शामिल होने के इच्छुक युवा निर्धारित लिंक https://forms.gle/xtZd4qWyA3fDtRjJ6 के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। इसके अलावा कार्यालय वरिष्ठ खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, कुटुम्ब न्यायालय भवन, प्रथम तल, कक्ष क्रमांक-24, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा में उपस्थित होकर भी पंजीयन कराया जा सकता है।
प्रतिभागियों के लिए माई भारत युवा पोर्टल पर पंजीयन कराना भी अनिवार्य किया गया है। पंजीयन की अंतिम तिथि 17 नवम्बर 2026 को शाम 4 बजे तक निर्धारित है।
जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने जिले के इच्छुक युवाओं से निर्धारित समय-सीमा में पंजीयन कराकर युवा उत्सव में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है। प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए श्री देवेन्द्र सिंह अजमानी, सहायक ग्रेड-02, मोबाइल नंबर 98274-61266 अथवा कार्यालय वरिष्ठ खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा से संपर्क किया जा सकता है।












