शासकीय कार्यों में लापरवाही पर जिला प्रशासन की कार्रवाई, पटवारी मिलनदास कोसले निलंबित

किसानों की शिकायत और त्रुटिपूर्ण डीसीएस एवं गिरदावरी कार्य के मामले में कलेक्टर ने की कार्रवाई

बलौदाबाजार (सिमगा) 13 नवम्बर 2026। शासकीय कार्यों में लापरवाही एवं किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने कार्रवाई की है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने तहसील सिमगा के पटवारी हल्का नंबर 21 में पदस्थ पटवारी मिलनदास कोसले को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पटवारी मिलनदास कोसले के विरुद्ध ग्रामीणों द्वारा शासकीय कार्यों का निष्पादन नहीं करने तथा ग्राम मोहभट्ठा के किसानों द्वारा त्रुटिपूर्ण डीसीएस एवं गिरदावरी कार्य के संबंध में शिकायत की गई थी। शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए प्रशासन द्वारा प्रारंभिक जांच कराई गई, जिसमें प्रथम दृष्टया शिकायतें सही पाई गईं।

इसके बाद कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत कार्रवाई करते हुए पटवारी मिलनदास कोसले को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया है।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), सिमगा कार्यालय निर्धारित किया गया है। साथ ही निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

जिला प्रशासन ने शासकीय कार्यों में लापरवाही एवं किसानों से संबंधित राजस्व कार्यों में त्रुटियों को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट किया है कि शिकायतों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Hot Topics

Related Articles