- श्री धीरेन्द्र पटेल के कुशल नेतृत्व में गरियाबंद पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियानों में अभूतपूर्व सफलताएं हासिल की है।
युवराज सिन्हा,गरियाबंद- जिला पुलिस कार्यालय गरियाबंद में आज एक गरिमामय विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरेन्द्र पटेल को उनके नवीन पदस्थापना जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के लिए ससम्मान विदाई दी गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर सहित जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों और समस्त थाना प्रभारी के साथ पुलिस परिवार ने उनके उत्कृष्ट कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं गई।
*नक्सल मोर्चे पर रहा ऐतिहासिक कार्यकाल* – विदाई समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक गरियाबंद ने कहा कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरेन्द्र पटेल का गरियाबंद में कार्यकाल अत्यंत सराहनीय और ऐतिहासिक रहा है। उनके कुशल रणनीतिक नेतृत्व में जिला पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियानों में अभूतपूर्व सफलताएं हासिल कीं। श्री पटेल के मार्गदर्शन में गरियाबंद पुलिस ने क्षेत्र के टाॅप काडर के कंट्री कमेटी मेम्बर (सीसी मेम्बर) समेत कई ईनामी नक्सलियों को मार गिराने में सफलता प्राप्त किये है।
*आत्मसमर्पण और क्षेत्र में शांति बहाली को मिला बढ़ावा* – न केवल आक्रामक अभियानों बल्कि श्री पटेल की जन-हितैषी नीतियों और बेहतर पुनर्वास नीतियों के प्रचार-प्रसार के कारण बड़ी संख्या में सक्रिय नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण किया। उनके इस समर्पण और कड़े परिश्रम के फलस्वरूप गरियाबंद जिले के अंदरूनी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई और विकास कार्यों को गति मिल रही है।
*पुलिस परिवार ने जताया आभार* – विदाई के इस भावुक क्षण में गरियाबंद पुलिस परिवार के सदस्यों ने श्री धीरेन्द्र पटेल के सरल स्वभाव, अनुशासित कार्यशैली और अधिनस्थों को हमेशा प्रेरित करने वाले नेतृत्व की सराहना की। पुलिस अधीक्षक ने उनके नए जिले सारंगढ़-बिलाईगढ़ में नवीन पदस्थापना पर बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे वहां भी अपनी कर्तव्यनिष्ठा से सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।








