गरियाबंद पुलिस की तत्परता, डायल 112 की टीम ने सूझबूझ से बचाई अचेत मिले व्यक्ति की जान

युवराज सिन्हा गरियाबंद- जिला पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर के सख्त निर्देशों और गरियाबंद पुलिस की त्वरित कार्यप्रणाली से आज एक व्यक्ति की जान बचा ली गई। डायल 112 की टीम ने सूचना मिलते ही बिना समय गंवाए मौके पर पहुँचकर तत्परता का परिचय दिया। मामले के अनुसार, डाक बंगला शनि देव मंदिर के पीछे एक कमरे में एक व्यक्ति अचेत होने की सूचना मिली थी। सूचना को बेहद गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी के निर्देशों पर डायल 112 की टीम तत्काल घटना स्थल पर पहुँची। स्थिति की संवेदनशीलता और खतरे को भांपते हुए पुलिस कर्मियों ने स्थानीय मोहल्ले वासियों को विश्वास में लिया और उनका सहयोग प्राप्त कर बंद कमरे का दरवाजा तोड़ा। कमरे के भीतर प्रवेश करने पर एक व्यक्ति अचेत (बेहोश) अवस्था में पाए गए। समय के महत्व को समझते हुए डायल 112 की टीम ने बिना एक पल की भी देरी किए पीड़ित को आपातकालीन वाहन में शिफ्ट किया। पुलिस टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल उन्हें उपचार हेतु जिला अस्पताल गरियाबंद में भर्ती कराया, जहाँ डाॅक्टरों की विशेष देखरेख में उनका इलाज जारी है।

गरियाबंद पुलिस की इस त्वरित और मानवीय कार्रवाई की स्थानीय नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है।

Hot Topics

Related Articles