गरियाबंद में सरकारी स्कूल के शिक्षक पर शराब पीने का आरोप, वीडियो वायरल; शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

रिपोर्टर संतन दास मानिकपुरी गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक सरकारी स्कूल का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक सरकारी शिक्षक पर स्कूल परिसर में शराब के नशे में होने और फर्राटेदार अंग्रेज़ी बोलने का आरोप लगाया जा रहा है। यदि जांच में यह मामला सही पाया जाता है, तो यह न केवल शिक्षक की जिम्मेदारी पर बल्कि सरकारी स्कूलों की साख पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।

शिक्षा का मंदिर माने जाने वाले विद्यालय में इस तरह की घटना सामने आने से अभिभावकों और आम लोगों में नाराजगी है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जहां बच्चों को अनुशासन और नैतिकता का पाठ पढ़ाया जाना चाहिए, वहीं यदि शिक्षक ही नियमों की अनदेखी करें तो इसका सीधा असर शिक्षा व्यवस्था पर पड़ता है।

इधर, प्रदेश में पहले से ही सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को कथित रूप से खराब गुणवत्ता वाली साइकिलें वितरित किए जाने का मामला चर्चा में है। ऐसे में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े लगातार सामने आ रहे विवादों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

हालांकि, वायरल वीडियो और शिक्षक पर लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। संबंधित विभाग द्वारा जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।

Hot Topics

Related Articles