पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, अखिल भारतीय संत समिति के प्रदेश अध्यक्ष एवं परम पूज्य संत श्री रामरूप दास महात्यागी तथा नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा हुए शामिल
भाटापारा। गोपाष्टमी के पावन एवं पुण्य अवसर पर सुरभि गोधाम समिति द्वारा सुरभि गोधाम में गौपूजन एवं अन्नकूट प्रसादी कार्यक्रम का भव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री शिवरतन शर्मा, अखिल भारतीय संत समिति के प्रदेश अध्यक्ष एवं परम पूज्य संत श्री रामरूप दास महात्यागी तथा नगर पालिका परिषद भाटापारा के अध्यक्ष श्री अश्वनी शर्मा सपत्नीक कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम में अतिथियों ने विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गौमाता का पूजन-अर्चन किया तथा गौमाता का आशीर्वाद प्राप्त कर समस्त नगरवासियों के सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। इसके पश्चात अन्नकूट प्रसादी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। पूरा सुरभि गोधाम परिसर भक्तिमय वातावरण और श्रद्धालुओं की उपस्थिति से आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण नजर आया।
पूर्व विधायक श्री शिवरतन शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि गोपाष्टमी हमारी सनातन संस्कृति और भारतीय परंपरा का अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है। भारतीय संस्कृति में गौमाता को केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक जीवन में भी विशेष स्थान प्राप्त है। गौमाता की सेवा और संरक्षण हमारी प्राचीन परंपरा के साथ-साथ हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को गौवंश के संरक्षण, संवर्धन एवं सेवा के लिए आगे आना चाहिए। गौसेवा के माध्यम से हम अपनी सांस्कृतिक विरासत और सेवा के संस्कारों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचा सकते हैं। उन्होंने सुरभि गोधाम समिति द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए समिति के सभी सदस्यों को इस पुनीत आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
अखिल भारतीय संत समिति के प्रदेश अध्यक्ष एवं परम पूज्य संत श्री रामरूप दास महात्यागी ने अपने आशीर्वचन में कहा कि सनातन धर्म में गौमाता का स्थान अत्यंत पूजनीय और पवित्र है। गौमाता में समस्त देवी-देवताओं का वास माना गया है और उनकी सेवा को पुण्य एवं धर्म का महत्वपूर्ण कार्य बताया गया है। उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि मानवता, करुणा, त्याग और परोपकार की भावना का प्रतीक है। जिस समाज में गौमाता के प्रति श्रद्धा, सेवा और संरक्षण का भाव जीवित रहता है, वहां संस्कार, संवेदना और धर्म की परंपरा भी मजबूत होती है। उन्होंने सभी से गौमाता की सेवा करने, बेसहारा एवं निराश्रित गौवंश की देखभाल करने तथा गौसंरक्षण के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को गोपाष्टमी पर्व की शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री अश्वनी शर्मा ने अपने वक्तव्य में कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग हैं। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि करुणा, संवेदना और जीवमात्र के प्रति सेवा एवं समर्पण का प्रतीक है। गोपाष्टमी का यह पावन पर्व हमें अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने और समाज में सेवा, सहयोग एवं सद्भाव की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि गौमाता की सेवा, सुरक्षा और संरक्षण हम सभी का सामाजिक एवं नैतिक दायित्व है। हमें केवल पर्व-त्योहारों पर ही नहीं, बल्कि अपने दैनिक जीवन में भी गौसेवा के प्रति संवेदनशील रहना चाहिए। उन्होंने सुरभि गोधाम समिति के सेवा और संरक्षण संबंधी प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज को सकारात्मक दिशा देने के साथ ही नई पीढ़ी में भारतीय संस्कृति और सनातन संस्कारों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने गौमाता के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की तथा गौसेवा, संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सामूहिक रूप से संकल्पित होने का संदेश दिया। अन्नकूट प्रसादी के माध्यम से सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता की भावना भी देखने को मिली।
इस अवसर पर सुरभि गोधाम समिति के पदाधिकारी, सदस्यगण,सभापतिगण,पार्षदगण श्रद्धालुजन एवं नगर के गणमान्य नागरिक,पालिका के कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन गौमाता के जयकारों एवं मंगलकामनाओं के साथ हुआ।












