गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में अवैध कटाई की जांच करने गए डिप्टी रेंजर पर हमला, ग्रामीण ने थप्पड़ मारकर फाड़ी वर्दी; वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में वन विभाग के एक अधिकारी पर ड्यूटी के दौरान हमले और शासकीय कार्य में बाधा डालने का गंभीर मामला सामने आया है। जिले के गौरेला वन परिक्षेत्र अंतर्गत अंधियारखोह वन परिसर के सेमरहा गांव में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई की जांच करने पहुंचे डिप्टी रेंजर सूर्यकांत रात्रे (36) के साथ एक ग्रामीण ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की है।

मिली जानकारी के अनुसार, डिप्टी रेंजर सूर्यकांत रात्रे 24 अक्टूबर को अंधियारखोह परिसर में गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें सेमरहा गांव में सेमल प्रजाति के पेड़ों की अवैध कटाई होने की सूचना मिली। सूचना की पुष्टि के लिए वे वन प्रबंधन समिति के सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचे और वहां जांच के साथ-साथ सबूत के तौर पर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की कार्रवाई पूरी की।

विवाद तब शुरू हुआ जब डिप्टी रेंजर जांच की कार्रवाई पूरी कर मौके से वापस लौट रहे थे। तभी गांव का ही रहने वाला आरोपी रुद्र प्रसाद मांझी (43) वहां आ धमका और वन विभाग की इस कार्रवाई का विरोध करने लगा। बताया जा रहा है कि आरोपी ने वन विभाग की जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है, इसी वजह से वह विभाग की जांच से भड़का हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने डिप्टी रेंजर के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और जातिसूचक अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया।

विरोध के दौरान आरोपी रुद्र प्रसाद मांझी ने अधिकारी पर हाथ उठाते हुए उन्हें थप्पड़ मार दिया और उनका हाथ व गर्दन पकड़कर हाथापाई शुरू कर दी। इस झड़प में डिप्टी रेंजर की सरकारी वर्दी के बटन टूट गए और वर्दी फट गई, साथ ही उनकी गर्दन पर चोट और खरोंच के निशान भी आए हैं। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी वीडियो बनाए जाने पर भड़कते हुए और तंज कसते हुए दिख रहा है। वीडियो में आत्मरक्षा और बचाव के दौरान अधिकारी द्वारा भी ग्रामीण को थप्पड़ मारते हुए देखा जा रहा है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और मामले के तूल पकड़ने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। पीड़ित डिप्टी रेंजर की लिखित शिकायत पर गौरेला थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी रुद्र प्रसाद मांझी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं, शासकीय कार्य में बाधा डालने, मारपीट और SC/ST एक्ट (एट्रोसिटी एक्ट) के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 16 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Hot Topics

Related Articles