बलौदाबाजार-भाटापारा। ग्राम दामाखेड़ा में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान शिविर’ में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने प्रमुख भूमिका निभाते हुए ग्रामीणों को साइबर अपराध, डिजिटल सुरक्षा एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

शिविर के दौरान पुलिस विभाग द्वारा ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों तथा डिजिटल लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, अज्ञात व्यक्तियों के साथ ओटीपी, बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने तथा संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की।
इसके साथ ही सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को लेकर भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया। वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा अन्य यातायात नियमों का पालन करने के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
शिविर के दौरान पुलिस विभाग की ओर से ग्रामीणों को हेलमेट का वितरण भी किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट केवल यातायात नियमों का पालन करने के लिए ही नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में जीवन की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। साइबर जागरूकता और सड़क सुरक्षा के प्रति सामूहिक सजगता से अपराध एवं दुर्घटनाओं में कमी लाने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है।






