खेत से लौट पाते, इससे पहले गिरी गाज, 3 किसानों की मौत

कमलकांत पाटनवार 

बिलासपुर:- कोटा क्षेत्र में बुधवार शाम तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से दो – किसानों की मौत हो गई। हादसा लखोदना गांव के पास हुआ। वहीं कोटा क्षेत्र के मानपुर में भी एक व्यक्ति की गाज की चपेट में आने से मौत हो गई।

लखोदना निवासी मन्ना यादव पिता माखन यादव (41) और नवाडीह बेलगहना निवासी कुंजराम यादव पिता गंगाराम यादव (45) बुधवार शाम लखोदना स्थित खेत की ओर गए थे। दोनों की शादी लखोदना में हुई थी और वे आपस में साढू थे। शाम करीब 6 बजे अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दोनों उसकी चपेट में आ गए। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को उपचार के लिए कोटा अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

बारिश से बचने पेड़ की पनाह ली, गिरी गाज

कोटा क्षेत्र के मानपुर निवासी जागेश्वर जगत (45) बुधवार शाम अपने खेत की मेड़ बांधने के लिए गए थे। उनके साथ गांव का ही एक अन्य व्यक्ति भी था। शाम को अचानक तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए जागेश्वर खेत के पास एक पेड़ के नीचे चले गए, जबकि उनका साथी खेत में काम करता रहा। इसी दौरान पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से जागेश्वर गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

Hot Topics

Related Articles