युवराज सिन्हा,गरियाबंद: जिला गरियाबंद में उप पुलिस अधीक्षक (DSP) के पद पर पदस्थ रहे श्री गोपाल वैश्य जी का राज्य शासन द्वारा जिला कोरिया नवीन स्थानांतरण होने के फलस्वरूप आज अफसर मेश गरियाबंद में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गरियाबंद पुलिस परिवार की ओर से उन्हें ससम्मान भावभीनी विदाई दी गई एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।
विदाई समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक गरियाबंद श्री वेदव्रत सिमौर के द्वारा श्री गोपाल वैश्य के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि गरियाबंद जिले में अपनी पदस्थापना के दौरान उन्होंने अत्यंत निष्ठा, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा आम जनता के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि निर्मित करने में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके कार्य करने की शैली अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए सदैव प्रेरणादायी रही है।
समारोह में उपस्थित समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, थाना/चौकी प्रभारियों एवं कार्यालयीन कर्मचारियों ने श्री वैश्य के साथ बिताए कार्य अनुभवों को साझा किया। गरियाबंद पुलिस परिवार की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया तथा नवीन पदस्थापना स्थल जिला कोरिया में सफल एवं सुखद कार्यकाल हेतु हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), रक्षित निरीक्षक, समस्त थाना प्रभारी एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।












