सरगुजा ओलंपिक का भव्य समापन, सीएम विष्णुदेव साय ने विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित

जियाउल खान, अंबिकापुर। संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का रविवार को अंबिकापुर स्थित पीजी कॉलेज मैदान में भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खेल सुविधाओं का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

सरगुजा ओलंपिक के दूसरे वर्ष आयोजित इस प्रतियोगिता में संभाग के छह जिलों सरगुजा, सूरजपुर, जशपुर, बलरामपुर, कोरिया और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। 27 से 29 दिसंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में 11 अलग-अलग खेल विधाओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में छह जिलों के खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इस वर्ष ब्लॉक स्तर से लेकर जिला और संभाग स्तर तक चार लाख से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है। यह प्रदेश में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह का प्रतीक है। उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि वे आगे भी मेहनत करें और खेल जगत में सरगुजा सहित छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें।

मुख्यमंत्री सहित जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

समापन समारोह में मंत्री राजेश अग्रवाल, लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव, युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी 11 खेल विधाओं के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया।

वाटर पार्क में सीएम ने सुनी पीएम मोदी के मन की बात

सरगुजा ओलंपिक के समापन समारोह से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह शहर से लगे सरगवां स्थित वाटर पार्क पहुंचे। यहां उन्होंने मंत्री एवं विधायकों के साथ बैठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 140वां एपिसोड सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां महामाया की नगरी अंबिकापुर में प्रधानमंत्री के मन की बात सुनना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हर महीने के अंतिम रविवार को देशवासियों से जुड़ते हैं और समाज एवं राष्ट्रहित में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों की प्रेरणादायक कहानियां सामने लाते हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अंबिकापुर में शुरू किए गए गणपति ऐप का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इसके माध्यम से लोग प्लंबर, मिस्त्री, मजदूर, मैकेनिक और इलेक्ट्रिशियन जैसी सेवाएं आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वाटर पार्क परिसर में पौधरोपण भी किया।

झारखंड सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत पर जताया दुख

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने झारखंड के रामगढ़ जिले में हुए सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने घटना को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिवारों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Hot Topics

Related Articles