संदीप यादव मुंगेली/सरगांव। जनपद पंचायत पथरिया अंतर्गत ग्राम चंदली में रविवार को शाला प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के 33 लाख रुपये के विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने मौजूदा विकास कार्यों की शुरुआत हुई और पूर्ण हो चुके कार्यों को जनता को समर्पित किया गया। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर चंदली ग्राम पंचायत में पंचायत भवन निर्माण की घोषणा भी की।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने श्री साहू के समक्ष गांव के जर्जर विद्यालय भवन के स्थान पर नवीन भवन निर्माण तथा नए सामुदायिक भवन की आवश्यकता रखी।
केंद्रीय मंत्री ने की पंचायत भवन के निर्माण की घोषणा
विकास कार्यों को लगातार दी जा रही गति: कौशिक
बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की विकासोन्मुखी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सड़क, शिक्षा, पेयजल, भवन और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से गांवों को मजबूत बनाने का कार्य किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने कहा कि विद्यालय भवन की स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों की सुविधा और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण के लिए नए भवन का निर्माण आवश्यक है। वहीं सामाजिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए सामुदायिक भवन की भी लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही है।
ग्रामीणों की मांग पर केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने आवश्यक पहल करते हुए मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में जनभागीदारी और स्थानीय आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जा रही है। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना सरकार की प्राथमिकता है।
जनपद पंचायत उपाध्यक्ष दीपिका चंद्रशेखर कौशिक ने कहा कि गांवों का विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, बुनियादी सुविधाओं और सामाजिक आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ ही वास्तविक विकास का मार्ग प्रशस्त होता है।
उन्होंने चंदली में विकास कार्यों की शुरुआत को क्षेत्र के लिए सकारात्मक कदम बताते हुए कहा कि आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, स्थानीय पदाधिकारी, ग्रामीणजन एवं शाला परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।








