चोरी की गाड़ियों की 100% रिकवरी का टारगेट, IG ने दिए सख्त निर्देश
- सशक्त ऐप की रेंज स्तरीय बैठक में बिलासपुर IG रामगोपाल गर्ग का निर्देश
मुंगेली। रिपोर्टर: संदीप यादव।बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने दो पहिया और चार पहिया वाहनों की चोरी पर लगाम कसने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई रेंज स्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि अब हर हाल में चोरी की गाड़ियों की शत-प्रतिशत रिकवरी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में दिए गए 4 बड़े निर्देश
1. 24 घंटे में डेटा अपडेट: FIR दर्ज होते ही वाहन का पूरा विवरण सशक्त ऐप पर दर्ज किया जाए। इंजन और चेसिस नंबर का उल्लेख अनिवार्य।
2. त्वरित ट्रैकिंग: संदिग्ध वाहनों की ट्रैकिंग तेज की जाए और रिकवरी दर बढ़ाई जाए।
3. पब्लिक प्लेस पर चेकिंग: रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार और पार्किंग में सशक्त ऐप से रोजाना चेकिंग अभियान चलाया जाए।
4. नए अधिकारियों का रजिस्ट्रेशन: हाल में पदस्थ हुए DSP, SI और कर्मचारियों का सशक्त ऐप पर 100% पंजीयन हो। हर नए यूजर को रोज 20 संदिग्ध वाहन चेक करने का लक्ष्य।
साइबर फ्रॉड पर भी फोकस
मुंगेली SP भोजराम पटेल ने “मनी रिकवरी मैकेनिज्म” का लाइव प्रेजेंटेशन दिया। बताया गया कि साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत मिलते ही पुलिस आरोपी के बैंक खाते को तुरंत होल्ड करवाती है। पहले 2 घंटे यानी “गोल्डन आवर” में शिकायत करना सबसे जरूरी है।
IG ने कहा – `रिकवरी के साथ पारदर्शिता भी जरूरी है। रिकवर वाहन की एंट्री तुरंत बैकएंड पर हो ताकि वाहन स्वामी को समय पर सूचना मिले।`






