छत्तीसगढ़ के शासकीय मेडिकल कॉलेजों में 11 सहबद्ध स्वास्थ्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश शुरू

तीन डिप्लोमा और आठ स्नातक पाठ्यक्रमों में मिलेगा प्रवेश, चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने का अवसर

भाटापारा 6 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सहबद्ध एवं स्वास्थ्य देखरेख से जुड़े 11 पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इनमें तीन डिप्लोमा और आठ स्नातक स्तर के पाठ्यक्रम शामिल हैं। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को चिकित्सा क्षेत्र के विभिन्न तकनीकी एवं व्यावसायिक कार्यक्षेत्रों में प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

डिप्लोमा स्तर पर एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी, डायलिसिस टेक्नोलॉजी तथा मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी के पाठ्यक्रम शामिल हैं। वहीं स्नातक स्तर पर बैचलर ऑफ फिजिशियन एसोसिएट्स, बैचलर ऑफ साइंस हेल्थ इन्फॉर्मेशन मैनेजमेंट, बैचलर ऑफ मेडिकल रेडियोलॉजी एवं इमेजिंग टेक्नोलॉजी, बैचलर ऑफ एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी, बैचलर ऑफ रेडिएशन थेरेपी टेक्नोलॉजी, बैचलर ऑफ डायलिसिस थेरेपी टेक्नोलॉजी, बैचलर ऑफ ऑप्टोमेट्री तथा बैचलर ऑफ मेडिकल लेबोरेटरी साइंस में प्रवेश दिया जाएगा।

इन पाठ्यक्रमों के जरिए विद्यार्थी चिकित्सा सेवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण तकनीकी क्षेत्रों में दक्षता हासिल कर सकेंगे। रेडियोलॉजी एवं इमेजिंग के क्षेत्र में एक्स-रे, सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी जांच सेवाओं में कार्य करने के अवसर उपलब्ध होंगे। मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी के अंतर्गत पैथोलॉजी प्रयोगशालाओं, ब्लड बैंकों और शोध प्रयोगशालाओं में काम करने की संभावनाएं हैं।

इसी तरह एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी से जुड़े प्रशिक्षित अभ्यर्थियों के लिए ऑपरेशन थिएटर, गहन चिकित्सा इकाई और आपातकालीन विभाग में कार्यक्षेत्र उपलब्ध होंगे। डायलिसिस टेक्नोलॉजी के माध्यम से डायलिसिस केंद्रों एवं गुर्दा रोग विभागों में सेवाएं देने का अवसर मिलेगा। वहीं ऑप्टोमेट्री पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों के लिए नेत्र अस्पतालों और दृष्टि जांच केंद्रों में रोजगार की संभावनाएं रहेंगी।

प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी पाठ्यक्रमों, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, शुल्क एवं अन्य आवश्यक शर्तों की विस्तृत जानकारी छत्तीसगढ़ चिकित्सा शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://cgdme.in/ पर प्राप्त कर सकते हैं।

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन जमा करने अथवा शुल्क का भुगतान करने से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जारी प्रवेश संबंधी अधिसूचनाओं का ध्यानपूर्वक अवलोकन करें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया और निर्धारित नियमों की सही जानकारी प्राप्त हो सके।

Hot Topics

Related Articles