Bilaspur Ka Mausam: अगले तीन दिनों में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
Kamalkant Patanwar
बिलासपुर। मौसम के बदले मिजाज के बीच अब अंचल में ठंड की आहट तेज होने लगी है। गुरुवार को दिनभर आसमान साफ रहा और बादलों की आवाजाही थमी रही। दिन ढलने के साथ ही हल्की ठंडक महसूस होने लगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान ने भी आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट के संकेत दिए हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक बिलासपुर में अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक है। इसके विपरीत पेंड्रारोड में अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री और न्यूनतम 17.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक बना हुआ है।
दोनों केंद्रों पर 24 घंटे के दौरान बारिश दर्ज नहीं हुई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक छह नवंबर को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना है, हालांकि बिलासपुर और पेंड्रारोड के लिए अलग से बारिश का पूर्वानुमान जारी नहीं किया गया है।
अगले तीन दिनों में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। सात नवंबर से बस्तर संभाग में भी गिरावट का दौर शुरू होने का अनुमान है। नौ नवंबर से न्यूनतम तापमान फिर बढ़ सकता है।
तापमान के आंकड़ों में छिपा ठंड का अंतर
बिलासपुर और पेंड्रारोड के मौसम में रात के तापमान का अंतर साफ नजर आ रहा है। गुरुवार को बिलासपुर का न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री रहा, जबकि पेंड्रारोड में पारा 17.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यानी दोनों स्थानों के बीच 3.8 डिग्री का अंतर दर्ज हुआ। पेंड्रारोड में दिन का अधिकतम तापमान भी बिलासपुर से 0.4 डिग्री कम रहा। हालांकि दोनों जगह न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। ऐसे में आगामी गिरावट के बाद ही ठंड का वास्तविक असर अधिक महसूस होने की संभावना है।









