छत्तीसगढ़ में ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री परेशान, 8 महीने से बिगड़ा टाइम-टेबल; रेलवे प्रशासन मौन

भाटापारा। छत्तीसगढ़ में ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। रायपुर, भाटापारा और बिलासपुर रेल मार्ग से गुजरने वाली कई एक्सप्रेस और लोकल ट्रेनें पिछले कई महीनों से घंटों की देरी से चल रही हैं। यात्रियों का आरोप है कि करीब आठ महीने से ट्रेनों का टाइम-टेबल बिगड़ा हुआ है, लेकिन रेलवे प्रशासन की ओर से अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

यात्रियों के मुताबिक, पिछले एक महीने में ट्रेनों की लेटलतीफी और बढ़ गई है। इसका असर नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ रहा है। निर्धारित समय पर स्टेशन पहुंचने के बावजूद लोगों को घंटों ट्रेन का इंतजार करना पड़ रहा है। कई बार अधिक देरी के कारण यात्रियों को अपनी यात्रा रद्द तक करनी पड़ रही है।

  • कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें देरी से चल रहीं

यात्रियों ने बताया कि बिलासपुर इतवारी इंटर सिटी,संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, कुर्ला-शालीमार एक्सप्रेस, आजाद हिंद एक्सप्रेस, बरौनी एक्सप्रेस, दानापुर एक्सप्रेस, हावड़ा-मुंबई मेल, हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस, हावड़ा-पोरबंदर एक्सप्रेस, एर्नाकुलम एक्सप्रेस, यशवंतपुर एक्सप्रेस, बीकानेर-बिलासपुर एक्सप्रेस, अमृतसर-छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस और कोरबा-यशवंतपुर एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं।

एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ लोकल ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित है। यात्रियों का कहना है कि लोकल ट्रेनों का एक से दो घंटे तक लेट होना अब आम बात हो गई है। इससे रोजाना कामकाज और नौकरी के लिए सफर करने वाले लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

  • शनिवार-रविवार को भी प्रभावित रहा संचालन

यात्रियों के अनुसार, पिछले शनिवार और रविवार को कोलकाता की ओर से आने वाली अधिकांश ट्रेनें काफी विलंब से पहुंचीं। वहीं, मुंबई और नागपुर की दिशा से आने वाली ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित रहा। कई ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों पर लंबे समय तक खड़ी रहीं।

यात्रियों की शिकायत है कि ट्रेनें लेट होने के बावजूद रेलवे की ओर से देरी के स्पष्ट कारणों की जानकारी नहीं दी जाती। इससे यात्रियों को अपनी आगे की यात्रा और जरूरी कामों की योजना बनाने में परेशानी होती है।

  • रेलवे प्रशासन की जवाबदेही पर उठे सवाल

लगातार हो रही देरी को लेकर यात्रियों में रेलवे प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है। उनका सवाल है कि जब रेलवे बेहतर यात्री सुविधाओं और समयबद्ध संचालन का दावा करता है, तो ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी पर जिम्मेदारी कौन लेगा?

यात्रियों ने रेल मंत्रालय, रेलवे बोर्ड और बिलासपुर रेलवे जोन से इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान देने की मांग की है। उन्होंने ट्रेनों का संचालन समय पर सुनिश्चित करने, देरी के कारणों की जानकारी सार्वजनिक करने और समस्या का स्थायी समाधान निकालने की अपील की है।

अब देखना होगा कि रेलवे प्रशासन यात्रियों की इन शिकायतों पर कब तक कार्रवाई करता है और छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों को समय पर ट्रेन चलने की राहत कब मिलती है।

Hot Topics

Related Articles