छत्तीसगढ़ में स्मार्ट पीडीएस से जुड़ेंगे राशन कार्ड, अब घर बैठे होंगे सारे काम, सेवा सेतु ऐप हो रहा अपडेट

बिलासपुर (कमलकांत पाटनवार):- स्मार्ट पीडीएस प्रणाली के तहत केंद्र और राज्य के राशन कार्डों को एकीकृत करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। इसके चलते सेवा सेतु पोर्टल और मोबाइल ऐप को अपडेट किया जा रहा है। तकनीकी कार्य के कारण वर्तमान में राशन कार्ड में संशोधन और नए नाम जोड़ने का काम रुका हुआ है, जिससे आमजन को परेशानी झेलनी पड़ रही है।राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना और राज्य स्तरीय राशन वितरण व्यवस्था को एक ही डिजिटल मंच पर लाने के लिए सॉफ्टवेयर को अपग्रेड किया जा रहा है। नई व्यवस्था के लागू होने के बाद पूरे देश में राशन कार्डों का डेटाबेस एक समान हो जाएगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार सेवा सेतु ऐप का अपडेशन कार्य लगभग पूरा हो चुका है और तकनीकी टेस्टिंग की जा रही है।

सरकारी कार्यालयों से मिलेगी मुक्ति

फिलहाल सिस्टम अपडेट होने की वजह से राशन कार्ड में सुधार, सदस्य का नाम काटने या जोड़ने और पते में बदलाव जैसे ऑनलाइन कार्य अस्थायी रूप से बंद हैं। नागरिक राशन दुकानों और ग्राहक सेवा केंद्रों के चक्कर काट रहे हैं। हालांकि, व्यवस्था पूरी होते ही आमजन को सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी।अब हितग्राही अपने स्मार्टफोन के जरिए ही घर बैठे नए राशन कार्ड के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा किसी भी प्रकार के संशोधन या नए सदस्य का नाम जुड़वाने के लिए आवश्यक दस्तावेज सीधे ऐप पर अपलोड किए जा सकेंगे। इससे व्यवस्था पारदर्शी बनेगी, कार्य समय पर पूरा होगा और बिचौलियों की भूमिका भी समाप्त हो जाएगी। बॉक्स घर बैठे मिलेंगी सभी राशन सेवाएंसेवा सेतु ऐप के पूरी तरह अपडेट होने के बाद हितग्राहियों को खाद्य विभाग या सेवा केंद्रों पर लाइन लगाने की जरूरत नहीं होगी।

ऑनलाइन कर सकेंगे राशन कार्ड आवेदन

लोग अपने मोबाइल से ही नए राशन कार्ड का ऑनलाइन आवेदन, पारिवारिक सदस्यों के नाम जोड़ना-हटाना और पते में परिवर्तन आसानी से कर सकेंगे। सारा विवरण आधार से स्वत: प्रमाणित होकर डिजिटल रूप से दर्ज होगा। बॉक्स पारदर्शिता बढ़ेगी और फर्जीवाड़े पर रोकस्मार्ट पीडीएस के तहत केंद्र और राज्य का डाटाबेस एक होने से फर्जी या दोहरे राशन कार्डों की समस्या पूरी तरह समाप्त होगी।

 

देश में कहीं भी कर सकेंगे राशन प्राप्त

एक राष्ट्र एक राशन कार्ड व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी, जिससे प्रवासी नागरिक भी बिना किसी रुकावट के देश में कहीं भी राशन प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही वितरण प्रणाली पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी। वर्जन स्मार्ट पीडीएस व्यवस्था को लागू करने के लिए सेवा सेतु पोर्टल का तकनीकी अपडेशन अंतिम चरण में है। इस कारण कुछ दिनों के लिए संशोधन कार्य बाधित हुआ है। जल्द ही यह प्रणाली सुचारू हो जाएगी, जिसके बाद लोगों को घर बैठे मोबाइल से ही सभी सुविधाएं मिलने लगेंगी। अमृत कुजुर, जिला खाद्य नियंत्रक

Hot Topics

Related Articles