बिलासपुर-यलहंका साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन अब होगी नियमित, 26 अगस्त से बदले नंबर के साथ चलेगी, भाटापारा में स्टॉपेज दिया गया

भाटापारा ,गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की सुविधा के लिए बिलासपुर और यलहंका (बेंगलुरु) के बीच चलाई जा रही साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को रेलवे प्रशासन ने बड़ी सौगात देते हुए 26 अगस्त 2026 से नियमित करने का निर्णय लिया है। इससे बिलासपुर, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक सहित विभिन्न क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
अब तक इस मार्ग पर गाड़ी संख्या 08261 बिलासपुर-यलहंका और 08262 यलहंका-बिलासपुर स्पेशल ट्रेन के रूप में संचालित हो रही थी। 26 अगस्त से इसका नियमित परिचालन शुरू होने के साथ ही ट्रेन के नंबर भी बदल जाएंगे। बिलासपुर से यलहंका जाने वाली ट्रेन 18261 और यलहंका से बिलासपुर आने वाली ट्रेन 18262 के रूप में संचालित होगी। प्रत्येक बुधवार बिलासपुर से रवाना होगी ट्रेन

गाड़ी संख्या 18261 बिलासपुर-यलहंका साप्ताहिक ट्रेन 26 अगस्त से प्रत्येक बुधवार को बिलासपुर से दोपहर 2 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन भाटापारा, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़, गोंदिया, वडसा, चांदाफोर्ट, बल्लारशाह, काजीपेट, सिकंदराबाद, विकाराबाद, यादगीर, रायचूर, गुंतकल, अनंतपुर, धर्मवरम और हिंदूपुर सहित कई प्रमुख स्टेशनों से होकर अगले दिन शाम 7 बजे यलहंका पहुंचेगी।

गुरुवार को यलहंका से चलेगी वापसी ट्रेन

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 18262 यलहंका-बिलासपुर साप्ताहिक ट्रेन 27 अगस्त से प्रत्येक गुरुवार को यलहंका से रात 9:30 बजे रवाना होगी। ट्रेन हिंदूपुर, धर्मवरम, अनंतपुर, गुंतकल, रायचूर, सिकंदराबाद, काजीपेट, बल्लारशाह, गोंदिया, डोंगरगढ़, दुर्ग, रायपुर और भाटापारा होते हुए तीसरे दिन सुबह 3:30 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। लंबी दूरी के यात्रियों को मिलेगा लाभ

इस ट्रेन के नियमित होने से बिलासपुर और बेंगलुरु के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को पूरे वर्ष बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होगा। साथ ही मार्ग में पड़ने वाले प्रमुख शहरों और औद्योगिक क्षेत्रों के यात्रियों को भी आवागमन का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। रेलवे के इस निर्णय से यात्रियों ने राहत की उम्मीद जताई है।

Hot Topics

Related Articles