रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश में योग को बढ़ावा देने और इसे स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि प्रदेश में योग के विस्तार और इसके माध्यम से उपचार को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। पहले चरण में प्रदेश में 1800 योग शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में संचालित चार नेचुरोपैथी महाविद्यालयों में से एक में योग का संचालन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश के सभी वेलनेस सेंटरों में योग के माध्यम से उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जाएगा।सरकार के फैसले के तहत प्रदेश के सभी स्कूलों और छात्रावासों में योग की एक कक्षा संचालित की जाएगी। छात्रावासों में बच्चों को योग का प्रशिक्षण देने के लिए प्रशिक्षकों की नियुक्ति भी की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, पहले चरण में 1800 योग शिक्षकों की नियुक्ति/व्यवस्था के लिए निर्देश दिए गए हैं। इसके जरिए विद्यार्थियों और छात्रावासों में रहने वाले बच्चों को नियमित रूप से योग का प्रशिक्षण दिया जाएगा।स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि योग को आम लोगों तक पहुंचाने और स्वास्थ्य के क्षेत्र में इसके उपयोग को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।








