राजनांदगांव : बुजुर्गों को चाकू दिखाकर लूटपाट करने वाले आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव। शहर में चाकू की नोक पर राहगीरों और बुजुर्गों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले आरोपियों के खिलाफ कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग-अलग लूट की घटनाओं में शामिल आरोपी विशाल बांसफोड़ (22 वर्ष) और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूट की नगदी, तीन मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल स्कूटी और स्प्रिंगदार चाकू सहित कुल 1 लाख 13 हजार 200 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। वहीं, मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अनुख बांसफोड़ की तलाश जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहली घटना 25 नवंबर की रात करीब 3 बजे की है। गोल बाजार सब्जी मंडी निवासी 69 वर्षीय श्रीकांत गुप्ता अपनी भतीजी की शादी से सुचेता लॉन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सीआईटी बायपास चौक के पास सफेद रंग की स्कूटी में सवार तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने पहले पता पूछने के बहाने मोबाइल मांगा। मोबाइल देने से मना करने पर चाकू दिखाकर उनका मोबाइल और जेब में रखे करीब 3500 रुपये लूटकर फरार हो गए।

इसी तरह दूसरी घटना 25 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे बिजली ऑफिस लखोली के पास हुई। भर्रेगांव निवासी तामेश्वर कुमार साहू से अज्ञात आरोपियों ने चाकू दिखाकर मोबाइल और 700 रुपये नकद लूट लिए। दोनों घटनाओं की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अलग-अलग अपराध दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा डीएसपी अजाक/क्राइम सत्यप्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में साइबर सेल और थाना कोतवाली की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने विशाल बांसफोड़ और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने मिलकर चाकू दिखाकर लूटपाट करना स्वीकार किया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ और पहचान की प्रक्रिया के लिए दोनों को थाने लाया गया था। इसी दौरान दोनों पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गए। इस संबंध में थाना कोतवाली में एक और अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की गई। संयुक्त पुलिस टीम ने तलाश के दौरान कन्हारपुरी स्थित एक खंडहर के पास अंधेरे का फायदा उठाकर भागने का प्रयास कर रहे दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।

आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने लूट की नगदी 3200 रुपये, तीन मोबाइल फोन कीमती 60 हजार रुपये, वारदात में इस्तेमाल स्कूटी कीमती 50 हजार रुपये तथा स्प्रिंगदार चाकू जब्त किया। जब्त मशरूका की कुल कीमत 1 लाख 13 हजार 200 रुपये बताई गई है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी विशाल बांसफोड़ और विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध पहले से ही कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। संगठित रूप से गिरोह बनाकर अपराध करने और पूर्व की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 भी जोड़ी गई है। वहीं, चाकू जब्त होने पर आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत भी कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने आरोपी विशाल बांसफोड़ को 27 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। मामले में फरार आरोपी अनुख बांसफोड़ की तलाश की जा रही है।

Hot Topics

Related Articles