छात्र संवाद कार्यक्रम की शुरुआत: पूर्व उपमुख्यमंत्री टी. एस. सिंहदेव ने छात्रों के सवालों का दिया जवाब

जियाउल खान ,अंबिकापुर /सरगुजा पूर्व उपमुख्यमंत्री टी. एस. सिंहदेव की प्रेरणा से सरगुजा जिला NSUI ने स्कूलों और कॉलेजों में “छात्र संवाद” कार्यक्रम की शुरुआत शहर के निजी विद्यालय माउंट लिटेरा जी स्कूल से की। कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री टी. एस. सिंहदेव ने करीब डेढ़ घंटे तक विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया और उनके विभिन्न सवालों के जवाब दिए।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने एक अच्छे नेता की पहचान, नागरिक अनुशासन, लोकतांत्रिक व्यवस्था, शासन-प्रशासन से अपेक्षाएं तथा महतारी वंदन योजना जैसे विषयों पर प्रश्न पूछे। जवाब में टी. एस. सिंहदेव ने कहा कि अच्छा नेता वही होता है जो जनता की बात सुनकर उनके हित और कल्याण के लिए कार्य करे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, यातायात और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति प्रत्येक नागरिक को स्वयं अनुशासित होना चाहिए।

महतारी वंदन योजना पर छात्रों की जिज्ञासा का उत्तर देते हुए उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर नागरिकों की सहायता करना लोककल्याणकारी राज्य की जिम्मेदारी है और इससे समाज के विकास को भी गति मिलती है।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता केवल अच्छे अंक प्राप्त करने से नहीं, बल्कि सही दृष्टिकोण, अच्छे चरित्र, कौशल विकास और अनुशासित जीवन से भी हासिल होती है।

इस अवसर पर के. पी. दीक्षित, राजू अग्रवाल, दीपेश गुप्ता, नितेश मेहता, प्रतीक दीक्षित, डॉ. बृजेश पांडेय, NSUI जिलाध्यक्ष आशीष जायसवाल, आलोक सिंह, नीतीश चौरसिया, सतीश बारी, धीरज गुप्ता, अंकित जायसवाल, अतुल यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

NSUI ने बताया कि पूर्व उपमुख्यमंत्री टी. एस. सिंहदेव की उपस्थिति में “छात्र संवाद” कार्यक्रम आगे भी जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में लगातार आयोजित किया जाएगा।

Hot Topics

Related Articles