बलौदाबाजार, 29अक्टूबर। जनदर्शन में एक बुजुर्ग की समस्या का त्वरित निराकरण करते हुए जिला प्रशासन ने उन्हें राहत पहुंचाई। ग्राम डोंगरा निवासी बुजुर्ग चोवा राम लंबे समय से सुनने की समस्या से परेशान थे। उन्होंने जनदर्शन में पहुंचकर कलेक्टर कुलदीप शर्मा के समक्ष अपनी समस्या रखी। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए समाज कल्याण विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद महज पांच मिनट के भीतर बुजुर्ग को श्रवण यंत्र उपलब्ध करा दिया गया।
आवेदन पर तत्काल हुई कार्रवाई
चोवा राम अपनी सुनने की समस्या के समाधान की उम्मीद लेकर जनदर्शन में पहुंचे थे। उन्होंने आवेदन के माध्यम से अपनी परेशानी बताई। उनकी समस्या को समझते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही समाज कल्याण विभाग ने त्वरित पहल की और उन्हें श्रवण यंत्र प्रदान किया।
श्रवण यंत्र मिलने से चेहरे पर लौटी खुशी
लंबे समय से ठीक से सुन नहीं पाने के कारण परेशान चोवा राम के लिए श्रवण यंत्र मिलना राहत भरा पल रहा। सहायता मिलने के बाद उनके चेहरे पर खुशी नजर आई और दोबारा आवाजें सुन पाने की उम्मीद जगी।
चोवा राम ने भावुक होकर कहा, “बरसों से कानों से सुनाई नहीं दे रहा था। अब श्रवण यंत्र मिलने से फिर से आवाज सुनने की उम्मीद जगी है। मेरी समस्या का इतनी जल्दी समाधान हुआ, इससे मन बहुत प्रसन्न है।”
जरूरतमंदों की समस्याओं के निराकरण पर जोर
जिला प्रशासन द्वारा जनदर्शन के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण का प्रयास किया जा रहा है। विशेष रूप से दिव्यांगजनों और जरूरतमंद लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाना है, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता मिल सके।







