जनप्रतिनिधि मिलकर योजनाओं को जमीन पर उतारें, पैसों की कमी नहीं: मंत्री टंकराम

बलौदाबाजार(मोहन तिवारी)नगर पालिका परिषद बलौदाबाजार के नवनियुक्त पांच एल्डरमैन ने शुक्रवार को नगर भवन में आयोजित गरिमामय समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। एसडीएम प्रकाश चंद्र कोरी ने सभी एल्डरमैन को शपथ दिलाई। समारोह में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन और उपाध्यक्ष जितेंद्र माहले विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

शपथ लेने वाले एल्डरमैन में ताराचंद कन्नौजे, दिनेश वर्मा, तारा परसवानी, नीलम सोनी और अनामिका अग्रवाल शामिल हैं। शपथ ग्रहण के बाद मंत्री टंकराम वर्मा ने सभी नव-नामांकित एल्डरमैन को शुभकामनाएं देते हुए उनसे नगर के विकास और जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में मंत्री वर्मा ने कहा कि पहले नगर पालिका परिषद में 21 पार्षद थे, लेकिन अब पांच एल्डरमैन के जुड़ने से परिषद की संख्या 26 हो गई है। उन्होंने कहा कि “एक से भले दो और दो से भले तीन की तर्ज पर अब 21 से भले 26 हो गए हैं। जितने अधिक जनप्रतिनिधि होंगे, उतनी ही बेहतर सोच और सुझाव सामने आएंगे तथा विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

समारोह में पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा, भाजपा नेता विजय केसरवानी, पार्षद राजू सलूजा, जितेंद्र डडसेना, शेखर गुप्ता, सलमान शेख, कन्हैया सेन, रोहित साहू, अमितेश नेताम, सतीष पटेल, गौतम चौहान, लोकेश चेलक, सुरेश घृतलहरे, प्रिया शशीभूषण शुक्ला सहित जनप्रतिनिधि, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के दौरान नव-शपथ ग्रहण करने वाले एल्डरमैन का अतिथियों ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया तथा उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। मंत्री वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार नगर के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि बलौदाबाजार नगर पालिका को इस बार विकास कार्यों के लिए इतनी बड़ी राशि उपलब्ध कराई गई है, जितनी आज तक प्रदेश की किसी भी नगर पालिका को नहीं मिली। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शहर के विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। “अब जरूरत इस बात की है कि सभी जनप्रतिनिधि मिलकर योजनाओं को धरातल पर उतारें और बलौदाबाजार में विकास की गंगा बहाएं।

Hot Topics

Related Articles