जन्माष्टमी पर मांस-मदिरा की बिक्री बंद रखने की मांग, यादव समाज ने सौंपा ज्ञापन

सिमगा,श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के दिन मांस-मदिरा की बिक्री पूर्णतः बंद रखने की मांग को लेकर सर्व यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु के नेतृत्व में समाज के सैकड़ों लोगों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।

यादव समाज के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम अतुल शेटे को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए जन्माष्टमी के दिन प्रदेश में मांस-मदिरा की सभी दुकानों को बंद रखने की मांग की।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी सनातन धर्मावलंबियों का प्रमुख पर्व है और यादव समाज के लिए विशेष आस्था एवं श्रद्धा का पर्व है। इस दिन प्रदेशभर में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया जाता है। समाज ने मांग की है कि जन्माष्टमी के दिन को शुष्क दिवस घोषित कर मांस एवं मदिरा की सभी दुकानों की बिक्री पूर्णतः बंद रखी जाए। समाज पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में यादव समाज के लोगों द्वारा इसी मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। इसी क्रम में सिमगा में भी समाज के लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांग रखी। ज्ञापन सौंपने वालों में सिमगा यादव समाज के प्रमुख रोशम यादव, छोटेलाल यादव, सुरेंद्र यादव, कान्हा यदु, महेश यदु, टेकराम यादव, अशोक यादव, पवन यदु सहित समाज के अन्य लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

 

Hot Topics

Related Articles